Saturday, 29 August 2026

2 लाख श्रद्धालुओं ने किए अब तक श्री जी के दर्शन,15 अगस्त को डिग्गी पहुंचेगा पदयात्रा का ध्वज, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी करेंगे केसरिया ध्वज की पूजा


2 लाख श्रद्धालुओं ने किए अब तक श्री जी के दर्शन,15 अगस्त को डिग्गी पहुंचेगा पदयात्रा का ध्वज, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी करेंगे केसरिया ध्वज की पूजा

जयपुर से रवाना हुई 59 वीं डिग्गी लक्खी पदयात्रा मंगलवार को फागी पहुंची  वहां रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को पदयात्रा डिग्गी के लिए रवाना होगी। लेकिन पदयात्रा के साथ चल रहे लाखों पदयात्रियों का डिग्गी में आने का सिलसिला जारी है। मंगलवार तक डिग्गी में लगभग दो लाख श्रद्धालु  श्रीजी के दर्शन कर चुके है।

सुबह मंगला आरती के साथ ही श्रीजी के दर्शनों के लिए मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगना शुरू हो जाती है जो चौपड़ चौराहे तक लग जाती है। जहां प्रशासन की ओर से बेरीकेटिंग की व्यवस्था की गई है। कतारों में श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश दिया जाता है तथा भरत जी की गली डिग्गी गढ़, गुर्जर धर्मशाला होते हुए चौपड़ चौराहे पर बाहर निकाला जाता है। जगह-जगह पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा को लेकर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं श्री कल्याण मंदिर ट्रस्ट की ओर से निजी बाउंसर भी लगाए गए हैं। जयपुर के अलावा मध्य प्रदेश, श्योपुर, सवाईमाधोपुर, गंगापुर के आसपास के गांवों से भी पदयात्राएं प्रतिदिन डिग्गी पहुंच रही है।

जयपुर से रवाना हुई पदयात्रा का ध्वज 15 अगस्त को डिग्गी पहुंचेगा जहां राज्य के जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी केसरिया ध्वज की पूजा अर्चना कर सायंकाल जुलूस को रवाना करेंगे। रोडवेज बस स्टैंड के बाहर मीणा धर्मशाला से जुलूस रवाना होगा जो बैंड बाजे के साथ डिग्गी नगरी की परिक्रमा करते हुए श्री कल्याण जी के मंदिर पहुंचेगा। जहां पर गंगोत्री से लाए जल से श्री कल्याण जी का अभिषेक किया जाएगा। लाखों पदयात्रियों की सुविधाओं को लेकर श्री कल्याण मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष एसडीएम कपिल शर्मा, ग्राम पंचायत डिग्गी सरपंच हलीमा बानो, प्रतिनिधि हकीम , ग्राम विकास अधिकारी सुरेश चौधरी व्यवस्थाओं में लगे हुए है। चिकित्सा विभाग की ओर से एक दर्जन से अधिक स्थानों पर चिकित्सा टीमों को तैनात किया गया है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है ।  पदयात्रियों की सेवा के लिए डिग्गी से डिग्गी मोड़ के रास्ते पर श्री श्याम मित्र पदयात्रा संघ की ओर से 17 वां विशाल भंडारा लगाया गया है तो वही श्रीजी भंडारा परिवार मालपुरा की ओर से जयपुर रोड पर बजरी नाके के पास 16 वां विशाल निःशुल्क भंडारा लगाया गया है। श्रीजी भंडारा परिवार की ओर से लगाया गया भंडारा 14 अगस्त तक चलेगा

वही श्री श्याम मित्र पदयात्रा संघ का भंडारा 16 अगस्त तक चलेगा। पदयात्रियों की सुविधाओं को लेकर डिग्गी मोड़ से ही वाहनों का प्रवेश बंद किया गया है। केवल राजस्थान रोडवेज की बसों तथा पासधारी वाहनों का ही डिग्गी मोड़ से डिग्गी में प्रवेश दिया जा रहा है। डिग्गी मोड पर गोटेवाला परिवार जयपुर की ओर से पदयात्रियों को नींबू शिकंजी पिलाई जा रही है। मेले के दौरान लगभग चार से पांच लाख पदयात्रियों के श्री जी के दर्शन करने की संभावना बनी हुई है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाकर 24 घंटे उन पर बराबर निगरानी बनाने के लिए कार्मिक भी लगाए हुए हैं नियंत्रण कक्ष से ग्राम पंचायत डिग्गी की ओर से बार-बार मुनादी लगाकर पदयात्रियों को डिग्गी में स्वच्छता बनाए रखने, जेब कतरों से सावधान रहने, अपने आसपास साफ सफाई रखने, सोते समय आसपास जीव जंतुओं का ध्यान रखने, तालाब में स्नान करने के दौरान विशेष ध्यान रखने की बार-बार हिदायत दी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा रामकुमार कस्वा, पुलिस वृत्त अधिकारी महेंद्र कुमार मीणा, डिग्गी थाना प्रभारी कप्तान सिंह भी दिनभर मेले में भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का लगातार जायजा ले रहे हैं। जगह-जगह पदयात्रियों की सेवाओं के लिए सेवादार अल्पाहार की व्यवस्था करने में जुटे हुए हैं। डिग्गी का लक्खी मेला 15 अगस्त तक चलेगा। शहर को स्वच्छ रखने के लिए ग्राम पंचायत डिग्गी की ओर से प्रतिदिन 50 से 60 सफाई कर्मचारी दिनभर सफाई कार्यो में लगे हुए हैं।

Previous
Next

Related Posts