Saturday, 29 August 2026

उपराष्ट्रपति जैसे गरिमापूर्ण पद पर अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करना गलत,अविश्वास प्रस्ताव का सवाल ही नहीं, बहुमत हमारे साथः मदन राठौड़


उपराष्ट्रपति जैसे गरिमापूर्ण पद पर अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करना गलत,अविश्वास प्रस्ताव का सवाल ही नहीं, बहुमत हमारे साथः मदन राठौड़

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला और कहा कि अब विपक्ष का भ्रम नहीं चलेगा। राज्यसभा में इंडिया गठबंधन ने मिलकर हंगामा किया और प्रश्नकाल को बर्बाद कर दिया। 

राठौड ने शनिवार को भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि विधानसभा उपचुनावों को बेहतर रणनीति से जीतने और बांग्लादेश में मौजूदा हालातों में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राज्यसभा में विपक्ष ने बिना वजह हंगामा किया और सदन की गरिमा को तार तार करते हुए अमर्यादित कार्य किया। विपक्ष के हंगामें के चलते प्रश्नकाल जैसा महत्वपूर्ण समय बर्बाद हो गया और यह सब कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के इशारों पर किया गया। सोनिया गांधी ने अपने सांसदों को उकसाने का कार्य किया। 

उन्होंने कहा कि जया अमिताभ बच्चन द्वारा उपराष्ट्रपति जैसे गरिमापूर्ण पद पर अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करना गलत है और विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने से कुछ नहीं होगा, बहुमत हमारे साथ है। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान में छह विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों को लेकर जीत का दावा किया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर लेकर जाएंगे। भाजपा आने वाले उपचुनावों में एकजुट होकर विजयश्री प्राप्त करेंगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अब कांग्रेसी नेताओं का भ्रम नहीं चलेगा। लोकसभा चुनावों में कांग्रेसियों ने संविधान और आरक्षण को लेकर देश की जनता को गुमराह करने का कार्य किया था, लेकिन अब जनता विपक्ष के एजेंडे को समझ चुकी है और समाज को तोड़ने का षडयंत्र नहीं चलेगा। भाजपा ने संविधान की शपथ ली है और उसकी रक्षा करेगी। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक होगी। उसके बाद प्रस्ताव केंद्र को भेजा जाएगा। केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व द्वारा अंतिम फैसला किया जाएगा। वहीं बांग्लादेश में मौजूदा हालात को लेकर कहा कि हिंदूस्तान में बांग्लादेश जैसे क्राइसिस कभी संभव नहीं हो सकता। केंद्र सरकार की ओर से सीमा पर सावधानी बरती जा रही है और सीमा पर पीड़ित हिंदुओं को भारत सरकार शरण देगी और दस्तावेजों के आधार पर उनकी रक्षा की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts