



हरियाली तीज को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के एक पेड़ मां के नाम-आओ बनाएं हरियालों राजस्थान की संकल्पना को साकार करने के लिए जिले में एक दिन में एक साथ 5 लाख 84 हजार 482 पौधों का रोपण कर ’’हरियालों टोंक’’ का संकल्प लिया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की इस अभिनव पहल पर बुधवार को टोंक जिले के लोगों, सामाजिक संगठनों, एनजीओ, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं एवं राजकीय कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई।
माण्डव ऋषि की तपोभूमि, मांडकलां, नगरफोर्ट में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान (एक पेड़ मां के नाम) के तहत प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला परिषद मद से 2 करोड़ 38 लाख की राशि से स्वीकृत कुल 33 विकास कार्यों और राजस्थान पर्यटन विकास निगम लिमिटेड द्वारा स्वीकृत 43.10 लाख रुपये एवं मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना में 18 लाख रुपये की राशि से कराए गए विविध कार्यों का लोकार्पण कर आमजन को विकास कार्यों की सौगात दी।
जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान से आने वाली पीढ़ियों के खुशहाल भविष्य को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को राहत देने के लिए कृत संकल्पित है। गरीब परिवार की महिलाओं को धुएं से राहत देने के लिए रसोई गैस सिंलेडर सब्सिडी योजना के तहत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं चयनित बीपीएल परिवारों की महिलाओं को 1 जनवरी 2024 से रसोई गैस सिंलेडर 450 रुपये में मिल रहा है। अब प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एनएफएसए में आने वाले परिवारों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इससे निश्चित तौर पर गरीब परिवारों आर्थिक संबल मिलेगा।

प्रभारी मंत्री नागर ने कहा कि देश के लिए अन्न उगाने वाले किसानों को सशक्त बनाना हमारी डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसान की समृद्धि से विकसित एवं खुशहाल राजस्थान का सपना साकार होगा। इसी के तहत मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के खातों में 2 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि दी जा रही है।
प्रभारी मंत्री नागर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में केंद्र व राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही है ताकि भविष्य में राजस्थान बिजली उत्पादन में अग्रणी राज्य बन सके। प्रदेश सरकार आमजन के जीवन को सुलभ बनाने के लिए विकास कार्यों में कोई कोर-कसर नहीं रखेगी। बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा रोजगार सहित हर क्षेत्र में विकास से नये आयाम स्थापित होंगे।
कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त राजस्थान के तहत जिला परिषद की ओर से पहल करते हुए राजीविका की स्वयं समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किये गए कपड़े के बैग का आमजन में वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों को जिला प्रमुख सरोज बंसल ने भगवान धरणीधर की तस्वीर भेंट की। कार्यक्रम में जिला प्रमुख सरोज नरेश बंसल, जिला प्रभारी सचिव अर्चना सिंह, जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, पूर्व विधायक अजित सिंह मेहता एवं राजेंद्र गुर्जर, विजय बैंसला,नरेश बंसल अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री ने धरणीधर भगवान के दर्शन कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की।
जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने टोंक जिले के नगरफोर्ट स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक धरणीधर भगवान के मंदिर पहुंचे, जहां भगवान को धोक लगाकर प्रदेश में खुशहाली की कामना की। प्रभारी मंत्री का मंदिर के पुजारियों ने अभिनंदन किया।