



टोंक हरियाली तीज बुधवार 7 अगस्त को प्रदेश में एक पेड़ मां के नाम-आओ बनाएं हरियालो राजस्थान अभियान के तहत दो करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान के अन्तर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम तहसील नगरफोर्ट में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि होंगे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेश चौधरी ने बताया कि जिला प्रभारी मन्त्री नागर बुधवार को सुबह 11 बजे नवीन जिला परिषद सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद पत्रकार वार्ता एवं तहसील नगरफोर्ट में हरियालों राजस्थान वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जिला प्रमुख सरोज बंसल ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में पंचायती राज विभाग के तहत जिला परिषद टोंक द्वारा 2 करोड़ 38 लाख रुपये की राशि के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्लास्टिक मुक्त राजस्थान अभियान के अंतर्गत जिला परिषद की ओर से पहल करते हुए राजीविका की स्वयं समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किये गए कपड़े के बैग का आमजन में वितरण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिष्ठा पिलानिया ने बताया कि जिले के पौधारोपण का लक्ष्य 12 लाख 77 हजार 629 है। वर्तमान में 6 लाख 93 हजार 147 पौधे लगाये जा चुके है। उन्होंने बताया कि लगाए गए पौधों की लगातार जियो टैगिंग की जा रही है। 1 लाख 92 हजार 204 पौधों की जियो टैगिंग की जा चुकी है। सीईओ ने बताया कि आओ बनाएं हरियालो राजस्थान अभियान के तहत बुधवार को पूरे जिले के सभी ब्लाॅक में सघन पौधारोपण कार्यक्रम होगा। इसमें पंचायत समिति देवली में गुराई व मालपुरा में सिंधोलिया, निवाई में गुंसी, पीपलू में डारडा तुर्की, उनियारा में खातोली एवं टोंक में दाखिया में पौधारोपण कार्यक्रम होगा।