



टोंक जिले में पिछले दो दिन से हो रही बारिश से उत्पन्न हुए हालातों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को भी जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने उपखंड क्षेत्र पीपलू का दौरा किया। उन्होंने गुरुवार रात टूटे बोरखंडीकलां लघु बांध के मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया।
ग्रामीण सुखलाल, सोहन एवं श्योजी ने बताया कि बांध टूटने पर उपखंड प्रशासन ने बचाव एवं राहत की त्वरित कार्यवाही की। इसके बाद जिला कलेक्टर ने बगड़ी रोड़ पर स्थित मासी रपटे पर जल बहाव एवं हालातों को देखा। उन्होंने तहसीलदार इंद्रजीत चौहान को रपटे पर अधिक पानी को देखते हुए लोगों के आवाजाही को दोनो तरफ से रोकने के निर्देश दिए। साथ ही, मौके पर मौजूद जल संसाधन के कनिष्ठ अभियंता मुकेश गुर्जर को छोटे-बड़े बांधों में जल आवक पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पीपलू उपखंड क्षेत्र की लाइफ लाइन कहे जाने वाले मासी बांध में शुक्रवार शाम 5 बजे तक करीब 9 फीट पानी की आवक दर्ज की जा चुकी हैं।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों का शनिवार को अवकाश घोषित
जिले में भारी बारिश एवं बाढ़ की संभावना को ध्यान में रखते हुए जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने शनिवार, 3 अगस्त को समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है। जिला कलेक्टर ने बताया कि विद्यालय में शिक्षक एवं अन्य स्टाफ विभागीय समय अनुसार उपस्थित रहेंगे।