



टोंक जिले में पिछले 24 घण्टों से लगातार बारिश के कारण उपखंड क्षेत्र पीपलू के नदी, नालों मंे जल बहाव अधिक मात्रा में हो रहा है। जल भराव को लेकर स्थानीय उपखंड प्रशासन सतर्क है।
जिला कलक्टर डाॅ. सौम्या झा ने बृहस्पतिवार को उपखंड क्षेत्र का दौरा करके स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को हर स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए है। टोंक से पीपलू की ओर जाने वाले सड़क मार्ग स्थित नाथड़ी रपटे पर अधिक जल बहाव पर जिला कलक्टर ने तहसीलदार इंद्रजीत चैहान को रपटे पर आवागमन नहीं होने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां मौजूद ग्रामीणों से रपटे को पार नहीं करने की समझाईश की। ग्राम काशीपुरा के लोगों ने गांव में जल भराव की स्थिति के बारे में जिला कलक्टर को बताया। जिला कलेक्टर ने तहसीलदार को पानी की निकासी कराने के निर्देश दिए।
टोंक जिले के नासिरदा में बृहस्पतिवार की सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक 4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है साथ ही टोरडी सागर में 10 मिमी,पनवाड़ में 15 मिमी ,टोंक में 3मिमी ,टोडारायसिंह में 2 मिमी,पीपलू में 10मिमी ,निवाई में 8 मिमी , माशी में 73 मिमी तथा चांदसेन में 25 मिमी वर्षा दर्ज की गई है ।
जिले में लगातार बारिश को देखते हुए जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की है कि वे बारिश के दौरान घरों में रहे तथा नदी-नालों के बहाव क्षेत्र की ओर जाने से बचे। जिला प्रशासन ने किसी भी आपदा से निपटने क लिए जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिसके दूरभाष नंबर 01432-245035 है।