Saturday, 29 August 2026

डिग्गी कल्याणजी का लख्खी मेला:पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर चप्पे- चप्पे पर तैनात होंगे 700 पुलिसकर्मी और सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी,किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डॉ.सौम्या झा


डिग्गी कल्याणजी का लख्खी मेला:पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर चप्पे- चप्पे पर तैनात होंगे 700 पुलिसकर्मी और सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी,किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डॉ.सौम्या झा

कलक्टर टोंक डॉ.सौम्या झा व पुलिस अधीक्षक टोंक संजीव नैन ने पंचायत समिति मालपुरा के राजीव गांधी सभागार में 11 अगस्त को जयपुर के चौड़ा रास्ता स्थित ताडकेश्वर मंदिर से रवाना होने वाली 59 वीं लक्खी पदयात्रा मेले की तैयारियों को लेकर सभी जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक  लेते हुए सभी विभागों के अधिकारियों की ओर से अब तक की गई व्यवस्थाओं व कार्यों की समीक्षा करते हुए डिग्गी लक्खी मेले में आने वाले लाखों पदयात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कलक्टर डॉ.सौम्या झा ने कहा कि तीर्थ नगरी डिग्गी संपूर्ण विश्व में विख्यात है जहां श्रावण माह से ही पदयात्राओं के आने का सिलसिला शुरू होता है जो लगातार 2 महीने तक चलता है जिसमें लाखों की संख्या में आने वाले पदयात्री श्रीजी के दर्शन करते हैं लाखों पदयात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखना हमारा कर्तव्य है सभी विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभाग के कार्यों को मुश्तैदी से करें। विभागों के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलक्टर डॉ.सौम्या झा ने सभी विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के कार्यों को पदयात्रा रवाना होने से 5 दिन पूर्व ही व्यवस्थित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जयपुर से आने वाली लक्खी पदयात्रा सहित प्रदेश के मध्यप्रदेश, श्योपुर सहित अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालु आते हैं पदयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े ऐसी हम सबको मिलकर कोशिश करनी है ।

कलक्टर डॉ.सौम्या झा ने डिग्गी मेले के दौरान जगह-जगह साफ- सफाई की समुचित व्यवस्था रखने, पानी बिजली की समुचित व्यवस्था रखने तथा आवश्यक वस्तुओं की पूर्ण रूप से उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने बताया कि लक्खी पदयात्रा 11 अगस्त को जयपुर से रवाना होगी जो 15 अगस्त को डिग्गी पहुंचेगी। मेले के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग की ओर से लगभग 700 पुलिसकर्मी जगह-जगह तैनात किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने को लेकर जगह-जगह सादा वर्दी में भी सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। 

उन्होंने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम बनाया जाकर सभी प्रकार की व्यवस्थाओं पर पूरी निगरानी रखी जाएगी। मेले के दौरान पदयात्रियों के दर्शनों की सुविधा के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से मंदिर से चौपड़ चौराहे तक बैरिकेट्स लगाए जाएंगे तथा डिग्गी आने वाले रास्तों को भी बैरिकेड लगाकर पदयात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए एक तरफा यातायात  की व्यवस्था रहेगी। 

कलक्टर डॉ.सौम्या झा ने कहा कि चिकित्सा विभाग की ओर से मेले के दौरान लगभग एक दर्जन से अधिक स्थानों पर चिकित्सा मोबाईल टीम पदयात्रा की सुविधाओं के लिए तैनात रहेगी। पदयात्रियों की वापसी के लिए जयपुर,टोंक आगार की ओर से लगभग 100 से अधिक रोडवेज बसों की व्यवस्था रहेगी। पदयात्रियों को मेले के दौरान खाने पीने की अच्छी वस्तुएं व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिलने के लिए प्रतिदिन खाद्य विभाग की ओर से सैंपलिंग की जाएगी। विजय सागर तालाब में सुरक्षा को लेकर एसडीआरएफ की टीम 24 घंटे तैनात रहेगी। गोताखोरों की भी व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। 

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी टोंक प्रतिष्ठा पिलानिया, एएसपी रामकुमार कस्वा, कार्यवाहक एसडीएम कपिल शर्मा, तहसीलदार राहुल पारीक, विकास अधिकारी सतपाल कुमावत, डीएसपी महेंद्र कुमार मीणा, डिग्गी थाना प्रभारी कप्तान सिंह, डिग्गी सरपंच प्रतिनिधि हकीम भाई, ग्राम विकास अधिकारी सुरेश चौधरी, श्री कल्याण मंदिर ट्रस्ट के सदस्य गिरिराज शर्मा, दिनेश शर्मा, पुजारी आशुतोष शर्मा सहित सभी विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Previous
Next

Related Posts