



राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर के पंचवर्षीय विधि महाविद्यालय द्वारा की गई मनमानी फीस वृद्धि के खिलाफ मंगलवार 23 जुलाई को छात्रों ने कुलपति कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन किया।
पंचवर्षीय विधि महाविद्यालय के छात्र- छात्राएं कॉलेज परिसर के बाहर इकट्ठे हुए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि इस मनमानी फीस वृद्धि से उनका शिक्षा प्राप्त करना मुश्किल हो गया है।
छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि फीस वृद्धि को लेकर जारी नोटिस बिल्कुल बेबुनियाद है क्योंकि कॉलेज प्रशासन ने केवल दो साल की अवधि में ही मनमाने ढंग से फीस में 22 प्रतिशत बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही छात्रों का यह भी आरोप है कि कॉलेज द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाएं अपर्याप्त हैं। छात्रों का कहना है कि कॉलेज परिसर में बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं और इसके बावजूद फीस वृद्धि का निर्णय पूरी तरह से गलत है।
छात्रों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर फीस बढ़ोतरी के फैसले को वापस नहीं लिया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।