



जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-21 के मकान में रविवार देर शाम भाई ने चाकू घोंपकर अपनी ही बहन की हत्या कर दी। आरोपी ने खुद चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने जाकर बहन की हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस और एफएसएल ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) निशांत भारद्वाज ने बताया कि चौहाबो सेक्टर-21 निवासी गुड्डी उर्फ चन्द्रा सिंधी की चाकू घोंप हत्या की गई है। शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। चौहाबो सेक्टर-9 निवासी आरोपी भाई पुरुषोत्तम सिंधी को हिरासत में लिया गया है। हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
वारदात का पता लगने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। आस-पास के लोगों से भी वारदात के बारे में जानकारी ली। आरोपी पुरुषोत्तम बोम्बे मोटर्स बस स्टैण्ड के पास फल-सब्जी की दुकान लगाता है।
आरोपी पुरुषोत्तम सिंधी परिवार सहित अलग रहता है। वह देर सायकाल सवा सात बजे चौहाबो सेक्टर-21 में पैतृक मकान पहुंचा। प्रथम मंजिल पर मां और बहन गुड्डी मिले। पैतृक मकान में हिस्से को लेकर भाई और बहन में झगड़ा हुआ। इस दौरान पुरुषोत्तम ने मौके से ही चाकू लिया और बहन गुड्डी के गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में ताबड़तोड़ चाकू घोंप दिए। इससे खून के फव्वारे फूट गए और वह लहुलूहान हो गई। उसे मृत समझकर आरोपी वहां से निकलकर चौहाबो थाने पहुंचा, जहां उसने बहन की हत्या करने की जानकारी दी। यह सुन पुलिस चौंक गई। आरोपी को पकड़ लिया।
थानाधिकारी नितिन दवे फिर उसे साथ लेकर मौके पर पहुंचे। मां और अन्य परिजन लहुलूहान हालत में एमडीएम अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मृतका गुड्डी ने दो शादियां की थी, लेकिन दोनों से उसका तलाक हो गया था। वह मां के मकान में रहती थी। उसके दो भाई हैं। आरोपी पुरुषोत्तम अपने परिवार के साथ चौहाबो सेक्टर-9 में रहता है। एक अन्य भाई मां के मकान में भूतल पर पत्नी के साथ रहता है। फिलहाल पुलिस को हत्या की तीन वजह पता लगी है। बहन मां के मकान में रहती थी। आरोपी पुरुषोत्तम का आरोप है कि उसे मकान से निकाल दिया था। उसे अपनी बहन पर संदेह भी था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने तीस लाख रुपए किसी व्यक्ति को उधार दे रखे हैं। वह उससे यह राशि वापस मांग रहा था, लेकिन मृतका ने उस व्यक्ति को रुपए लौटाने से मना कर दिया था। इसको लेकर भी भाई-बहन में विवाद था। चाकू से हत्या के दौरान आरोपी भी खून से लथपथ हो गया।उसके हाथ में चोट भी आई। पुलिस ने एमडीएम अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार कराया