



टोंक में रविवार को दो घण्टे तक जोरदार बारिश होने से शहर में हर तरफ पानी-पानी हो गया,मकानों-दुकानों में पानी घुस गया तथा सड़कें दरिया बन गई इतना ही नही अन्नपूर्णा इलाके मे ंतो गुस्साएं लोगों ने बमोर रोड जाम करके प्रदर्शन किया।
सिंचाई विभाग के रिकार्ड के अनुसार सुबह 8 बजे से 10 बजे तक 2 घंटे में 52 मिमी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि तेज बारिश सुबह 9 बजे से 11बजे तक हुई है।इस तेज बारिश से यहां पुरानी टोंक के बाजार, काली पलटन क्षेत्र में 2 फीट पानी बह निकला। शहर में इस बहते पानी में खासकर बच्चों, युवाओं ने खूब आन्नद उठाया। वहीं इस बारिश से पुरानी टोंक बाजार, काली पलटन क्षेत्र समेत कुछ अन्य जगह की कई दुकानों में पानी घुस गया। इससे दुकानों का सामान भी भीग गया।
अन्नपूर्णा इलाके की निचली बस्तियों में रविवार को करीबन एक घंटे की बारिश में मकानों में पानी ही पानी हो जाने से गुस्साई महिलाओं एवं पुरुषों ने टोंक -बमोर रोड जाम करके प्रदर्शन किया। जिसकी इतला मिलते ही सदर पुलिस पहुंची जिन्होंने समझाईश की लेकिन गुस्साई भीड़ टस से मस नहीं हुई तो बाद में पुलिस ने बरसाती पानी के निकासी नाले को तोड़ करके चौैड़ा किए जाने का आश्वासन दिया जिसके बाद जाम खोला गया।जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार को करीबन दो घंटे की बारिश से अन्नपूर्णा इलाके में पानी के निकास के लिए बने नाले को अतिक्रमण की चपेट में लेकर दुकाने बनाए जाने से बरसाती पानी नहीं निकल पा रहा।
प्रदर्शनकारी महिला गुड्डी, संतरा साहू,विमला प्रजापत,जमना देवी, रामा यादव ,श्रवण लाल यादव,कमलेश गुर्जर,श्याम साहू,रमेश साहू ने बताया कि एक घंटे की बारिश में ही पानी बस्ती में भर जाता है जिससे मकानों में पानी चले जाने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है जिनका कहना है कि इस सम्बन्ध में नगर परिषद सहित प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बावजूद नाले से पानी के निकास की कोई उचित व्यवस्था नहीं किए जाने से मकानों में पानी चले जाने से बच्चों को स्कूल जाने सहित लोगो को काफी परेशानियां उठानी पड़ती है।
टोंक में दो घंटे मूसलाधार बारिश से कच्ची एवं निचली बस्तियों में पानी का निकास नही होने से जलभराव होने की इतला मिलने के बाद जिला कलक्टर डा.सौम्या झा के निर्देशों के बाद नगर परिषद कमिश्नर ममता नागर ने जल भराव क्षेत्रों एवं अवरुद्ध नालों का निरीक्षण किया । जिन्होंने नालों में अतिक्रमण के कारण पानी निकासी में आ रहे अवरोध को हटाने के निर्देश देते हुए लोगों के समस्याए सुनी साथ ही समाधान का भरोसा दिलाया। आयुक्त ममता नागर ने तत्काल नगर परिषद टोंक की टीम सहित कहीं नालों से अवरोधक हटाते हुए पानी के निकास की व्यवस्था की तो कहीं पंप लगा करके पानी की निकासी का प्रबंध किया।
वहीं जिले में बीते 24 घंटे में कही तेज तो कही हल्की बारिश हुई है। रविवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में औसत 6.4 मिमी बारिश दर्ज की गई,बीसलपुर बांध में पानी की आवक धीमी थी लेकिन बांध में बीते 24 घंटे में रविवार सुबह 6 बजे तक 7 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई। साथ ही बीसलपुर बांध का जलस्तर सुबह 6 बजे तक 310.28 आरएल मीटर दर्ज किया गया था को देर शाम तक 310.30आर एल मीटर पहुंच गया है। जिले के गलवा सेंटर पर 4मिम ,रामसागर लांबाहरिसिंह 2, मासी 2, नासिरदा 32, निवाई 3,पनवाड़ 15,टोडारायसिंह 4, टोंक 13,उनियारा में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई है।