



उदयपुर जिले की सूरज पोल थाना पुलिस की टीम ने करीब दो सप्ताह पहले एक महिला को सम्मोहित कर पहने हुए सोने चांदी के गहने, मोबाइल एवं पर्स चोरी करने के मामले का खुलासा कर घटना में शामिल दो आरोपियों में से एक आरोपी असलम खान पुत्र मंजूर खान (45) निवासी थाना जावरा जिला रतलाम (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई सोने की चूड़ियां बरामद की है।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि घटना के संबंध में 28 जून को पीड़ित महिला रेखा जैन द्वारा रिपोर्ट दी गई कि वह देहली गेट पर राशन का सामान खरीदने गई थी। जहां उसे दो व्यक्ति मिले। जिन्होंने देवी देवताओं की बातें कर सम्मोहित किया और उसके हाथ में पहनी 4 तोले की सोने की चूड़ियां, दो तोले का मंगलसूत्र, मोबाइल, पांव में पहनी चांदी की पायल व एक पर्स जिसमें ₹1100 नगद थे, चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी गोयल ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा व सीओ छगन पुरोहित के सुपरविजन एवं एसएचओ सुनील चारण के नेतृत्व में गठित की गई टीम द्वारा अनुसंधान के दौरान थाना जावरा जिला रतलाम निवासी दोनों अज्ञात आरोपियों की पहचान असलम खान व इरफान उर्फ जीतू के रूप मे की।
गठित टीम द्वारा आरोपित के घर दबिश देकर आरोपी असलम खान को गिरफ्तार कर चुराए गए सोने की चूड़ियां बरामद की है। दूसरे आरोपी इरफान की तलाश की जा रही है। असलम के विरुद्ध कुल चार आपराधिक प्रकरण दर्ज है। इस प्रकार के मामले में यह चेन्नई में भी गिरफ्तार हो चुका है।