



जयपुर एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की क्रू मेंबर ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) को थप्पड़ मार दिया। गुरुवार सुबह 4 बजे की है। क्रू मेंबर एयरपोर्ट पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान उसने बिना जांच के अंदर घुसने की कोशिश की। इस पर सीआईएसएफ के एएसआई ने उसे रोका और स्क्रीनिंग कराने के लिए कहा।
क्रू मेंबर ने महिला स्टाफ नहीं होने का हवाला देकर मना कर दिया। सीआईएसएफ के एएसआई ने महिला स्टाफ बुलाने की बात कही तो वह भड़क गई और बहस करने लगी। महिला स्टाफ पहुंचती, इससे पहले ही उसनेसीआईएसएफ के एएसआई को थप्पड़ मार दिया।
स्पाइस जेट का इस मामले में बयान आया है। स्पाइसजेट ने कहा कि सीआईएसएफ के एएसआई ने फीमेल स्टाफ के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और ड्यूटी के बाद उसके घर पर मिलने आने के लिए कहा। स्पाइस जेट महिला स्टाफ के साथ हुए यौन उत्पीड़न के केस में कानूनी कार्रवाई कर रही है और इस संबंध में स्थानीय पुलिस से भी बात की है। स्पाइस जेट ने कहा कि हम अपनी फीमेल स्टाफ के साथ खड़े हैं और उसकी पूरी मदद करेंगे।
एयरपोर्ट थानाधिकारी मोतीलाल ने बताया कि सीआईएसएफ के एएसआई गिरिराज प्रसाद ने स्पाइस जेट की क्रू मेंबर के खिलाफ केस दर्ज कराया है। सीआईएसएफ के एएसआई ने रिपोर्ट में बताया कि क्रू मेंबर की बैक ऑफिस में ड्यूटी है। वह सुबह 4 बजे एयरपोर्ट पर पहुंची थी। इस दौरान उनकी भी ड्यूटी एयरपोर्ट पर थी।
उन्होंने बताया कि 'क्रू मेंबर ने बिना सिक्योरिटी जांच के अंदर घुसने की कोशिश की। इस पर उन्होंने उसे रोक दिया और स्क्रीनिंग कराने के लिए कहा। क्रू मेंबर ने महिला स्टाफ नहीं होने का हवाला दिया और स्क्रीनिंग के लिए मना कर दिया।'
जब उसने महिला स्टाफ नहीं होने की बात की तो सीआईएसएफ के एएसआई गिरिराज ने एयरपोर्ट कंट्रोल के अधिकारियों को वायरलेस पर मैसेज भेजकर महिला स्टाफ बुलाने को कहा। इसी बीच क्रू मेंबर भड़क गई और बहस करने लगी। दोनों के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं होने लगी। महिला स्टाफ पहुंचती इससे पहले ही क्रू मेंबर ने उनको थप्पड़ मार दिया।