Saturday, 29 August 2026

जनसुनवाई में लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो ,कोताही बर्दाश्त नहीं : डाॅ. सौम्या झा


जनसुनवाई में लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो ,कोताही बर्दाश्त नहीं : डाॅ. सौम्या झा

टोंक जिला कलक्टर डाॅ. सौम्या झा ने कहा है कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से पात्र लोगों को अधिकाधिक लाभान्वित किया जाए इसमें कोताही बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग इन योजनाओं का जन-जन में बेहतर प्रचार-प्रसार करें, ताकि जरूरत मंद लोगो को इन योजनाओं की जानकारी हो सके।

जिला कलक्टर डाॅ. सौम्या झा ने बृहस्पतिवार को पंचायत समिति सभागार देवली में उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में परिवादियों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान 2024 के तहत जिला कलक्टर डाॅ. सौम्या झा ने कृषि विभाग परिसर में जामुन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन से अधिकाधिक पौधारोपण का आव्हान किया। उन्होंने उपखंड अधिकारी दुर्गाप्रसाद मीणा एवं विकास अधिकारी रानू इंकिया से उपखंड क्षेत्र में अभियान के तहत लगाए गए पौधों की प्रगति की जानकारी ली।

जनसुनवाई के नगर पालिका के संबंधित मामलों में दूनी से आए गोविंद राय ने दुकान का पट्टा जारी करने,देवली तहसील की ग्राम बोयड़ा के शंकर लाल मीणा ने कृषि विद्युत कनेक्शन की गुहार लगाई। ग्राम राजमहल के मोहम्मदीन ने प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने के संबंध में अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। निवारिया निवासी शिवराज सिंह ने खातेदारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की।

वहीं जनसुनवाई में बीसलपुर के विस्थापितों ने विस्थापितों को भूमि आंवटन किए जाने, ग्राम कासीर निवासियों ने पीने के पानी की व्यवस्था,देवली शहर के लोगों ने बंद पड़े नाले की समस्या से जिला कलक्टर को अवगत कराया। प्रदीप नगर देवली गांव से आए लोगांे ने पाइप लाइन डालकर पानी का प्रेशर बढ़ाने की मांग की।  जिला कलक्टर ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को देवली कस्बे एवं ग्रामवासियों को हो रही परेशानी का स्थायी समाधान करने के लिए निर्देशित किया। विद्युत एवं पानी की शिकायतों के संबंध में जिला कलक्टर ने विद्युत एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण करने तथा नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी को बरसाती नालों की साफ-सफाई बेहतर ढंग से कराने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कुल 30 प्रकरणों में आवासीय पट्टे दिलवाने, सुचारू विद्युत एवं पेयजल सप्लाई, सड़क निर्माण, साफ-सफाई के संबंध में आये परिवादांे को जिला कलक्टर ने धैर्यपूर्वक सुनकर जनसुनवाई में मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिस दौरान उपखंड अधिकारी दुर्गाप्रसाद मीणा, देवली प्रधान गणेश राम जाट, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शेखावत, विकास अधिकारी रानू इंकिया समेत अन्य ब्लाॅक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Previous
Next

Related Posts