Saturday, 29 August 2026

अजमेर रेलवे स्टेशन पर जेबतराशी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 बदमाश गिरफ्तार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, यूपी आदि राज्यों में है सक्रिय, 100 से अधिक वारदातें करना कबूला


अजमेर रेलवे स्टेशन पर जेबतराशी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 बदमाश गिरफ्तार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, यूपी आदि राज्यों में है सक्रिय, 100 से अधिक वारदातें करना कबूला

अजमेर जीआरपी पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन पर जेबतराशी की वारदात करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा कर सरगना सहित 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में 100 से अधिक वारदातें करना कबूल किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है।     

जीआरपी एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि शुक्रवार को रतलाम निवासी परिवादी रईस खान द्वारा रिपोर्ट दी गई की 1 जुलाई को अजमेर दरगाह जियारत के बाद पत्नी के इलाज के लिए ट्रेन से जयपुर जा रहा था। अजमेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर खड़ी ट्रेन के कोच में चढ़ते समय पांच-छः व्यक्तियों ने घेर कर जेब से 30 हजार रुपये चोरी कर लिए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।      

एसपी जोशी ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर जेबतराशी की घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीआरपी नरेश शर्मा व सीओ राम अवतार क सुपरविजन एवं एसएचओ जीआरपी अनिल देव के नेतृत्व में गठित की गई टीम द्वारा रेलवे स्टेशन एवं शहर के अन्य जगहों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाल संदिग्धों की पहचान की।   

टीम के सहयोग एवं परिवादी की निशानदेही पर आरोपी अमीनुद्दीन पुत्र शमसुद्दीन (47), हीर सिंह पुत्र शक्ति सिंह (56), आफताब अंसारी पुत्र रियासत अली (50) व हामो खान पुत्र हकीम शाहदुल्लाह (58) निवासी दिल्ली, मोहम्मद शाहजहां आलम पुत्र मोहम्मद याकूब (32) निवासी पटना बिहार हाल नाहरी का नाका जयपुर एवं खुर्शीद आलम पुत्र सिराजुद्दीन (30) निवासी नाहरी का नाका थाना शास्त्री नगर जयपुर को अजमेर से दस्तयाब किया।      

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कुल 23 हजार 300 नगद एवं जेबतराशी में प्रयुक्त ब्लेड, कटर एवं बैंडेड जप्त की है। इस गिरोह का मुखिया आफताब अंसारी है, जो वारदात में प्राप्त राशि में से 25% हिस्सा रखता है। यात्री की जेब पर कट या चीरा लगाने का काम यही करता है। गिरोह का एक सदस्य किस यात्री के पास कितनी राशि है इसके बारे में पता लगा अन्य सदस्यों को सूचित करता है।      

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न राज्यों में 100 से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है। अधिकांश वारदातें रेलवे स्टेशन नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, यूपी, हरियाणा तथा राजस्थान के जयपुर और अजमेर रेलवे स्टेशन पर किया जाना बताया। शनिवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया है।

Previous
Next

Related Posts