Saturday, 29 August 2026

आदिवासियों के डीएनए जांच वाले बयान पर शिक्षा मंत्री दिलावर से माफी मंगवाने और इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का विधानसभा में हंगामा और फिर किया वॉकआउट


आदिवासियों के डीएनए जांच वाले बयान पर शिक्षा मंत्री दिलावर से माफी मंगवाने और इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का विधानसभा में हंगामा और फिर किया वॉकआउट

बजट सत्र के दूसरे दिन भी विपक्ष का विधानसभा में जोरदार हंगामा किया। आदिवासियों के डीएनए जांच वाले बयान पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से माफी मंगवाने और इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष ने गुरुवार को सदन से वॉकआउट किया। 

विधानसभा में गुरुवार को पूरा शून्यकाल हंगामे की भेंट चढ़ गया। कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी और हंगामे के बीच ही शून्यकाल की कार्यवाही चलती रही। हंगामे के बीच कुछ कांग्रेस विधायक वेल से आगे टेबलों की तरफ जाने लगे तो विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।

विधानसभा में लंच ब्रेक से पहले शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बयान को लेकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक रामकेश मीणा ने मामला उठाना चाहा, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी। कई विधायकों ने शिक्षामंत्री दिलावर के बयान के खिलाफ पोस्टर लहराए, जिस पर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने इसकी अनुमति नहीं होने का हवाला देकर उन्हें फटकार लगाई।

हंगामा बढ़ता देख विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने आधे घंटे के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। इसके बाद करीब एक बजे कार्यवाही फिर शुरू हुई। विधानसभा में लंच ब्रेक शुरू हो गया है। पहले विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने 2 बजे तक लंच ब्रेक के लिए कार्यवाही स्थगित की, लेकिन 15 मिनट का ही वक्त दिया, बाद में 2 बजे फिर आधे घंटे के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी।

दिलावर ने आदिवासी समुदाय का  किया अपमान: टीकाराम जूली

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि शिक्षा मंत्री दिलावर ने बयान पर माफी नहीं मांगी है, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनसे इस्तीफा भी नहीं लिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की दो ही प्रमुख मांग हैं। इन दोनों मुद्दों को लेकर विपक्ष से गुरुवार को सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि शिक्षा मंत्री दिलावर आदिवासी समुदाय के लिए यह कहे कि आपका बाप कौन है, आपका डीएनए टेस्ट करवाएंगे। इससे प्रदेश की गरिमा को चोट पहुंची है और ऐसा व्यक्ति विधानसभा के अंदर जवाब दे रहा है, विधानसभा के अंदर आ रहा है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को ऐसे व्यक्ति को तत्काल मंत्री पद से हटाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री दिलावर ने इस बयान के लिए ढंग से आदिवासी समाज से माफी तक नहीं मांगी है। यह साधारण मामला नहीं है।

आदिवासी हिंदू हैं और हिंदू रहेंगे: दिलावर

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि आदिवासियों ने हमारी संस्कृति को बचाया है। आदिवासी समाज के बारे में कोई नकारात्मक चर्चा करना मेरे मन में कभी नहीं रहा। मैं यह जानता हूं कि अनादि काल से इस देश में आदिवासी रहता आया है और आदिवासी समाज का सब सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने बिरसा मुंडाजी का नाम भी सुना और पढ़ा है। बिरसा मुंडा भगवान के नाम से जाने जाते हैं, ऐसे समाज के बारे में मेरे बारे में जो कहा जा रहा है वह कदापि सही नहीं है।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मेरे से पत्रकार ने पूछा था कि भारत आदिवासी पार्टी के सांसद राजकुमार रोत ने ऐसा कहा है कि आदिवासी हिंदू नहीं हैं, तो मेरा मंतव्य यह था कि आदिवासी हिंदू हैं, हिंदू रहेंगे। आदिवासी समाज अनादिकाल से पृथ्वी पर रहता आया है, हम सब आदिवासी ही हैं।

उन्होंने कहा कि हम सब आदिवासी हैं, क्योंकि हम आदिकाल से यहां रहते आए हैं। मैं आदिवासी महापुरुषों को प्रणाम करता हूं, नमन करता हूं और मैं श्रद्धा से उनका नाम लेता रहता हूं। जब उन्होंने दोबारा पूछा कि वो तो अपने आप को हिंदू नहीं मानते हैं तो मैंने जो कहा वह प्रासंगिक है कि नहीं कि वंशावली दिखवा लेंगे। मेरे से वह शब्द नहीं निकलना चाहिए था।

Previous
Next

Related Posts