Saturday, 29 August 2026

मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारम्भ,65 लाख से अधिक किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपये हस्तांतरित, 20 हजार फार्म पौंड की सौगात,21 कस्टम हायरिंग केन्द्रों की होगी स्थापना, करीब 80 हजार किसानों को मिला 350 करोड़ का अल्पकालीन फसली ऋण


मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारम्भ,65 लाख से अधिक किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपये हस्तांतरित, 20 हजार फार्म पौंड की सौगात,21 कस्टम हायरिंग केन्द्रों की होगी स्थापना, करीब 80 हजार किसानों को मिला 350 करोड़ का अल्पकालीन फसली ऋण

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश के लिए अन्न उपजाने वाले किसान भाइयों को सशक्त बनाना हमारी डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है। राज्य सरकार द्वारा किसान कल्याण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान की समृद्धि से ही विकसित एवं खुशहाल राजस्थान का सपना साकार होगा। हमारी सरकार संकल्प पत्र के सभी वादों को पूरा कर रही है।

मुख्यमंत्री शर्मा रविवार को टोंक की कृषि उपज मंडी में ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के राज्यस्तरीय शुभारम्भ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 6 हजार रुपये की राशि के साथ ही, 2 हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। इसी क्रम में आज राज्य सरकार की ओर से एक हजार रुपये की पहली किस्त के तौर पर 65 लाख से अधिक किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपये सीधे जमा किए गए हैं।

किसान कल्याण राज्य सरकार की सर्वाच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मैं भी किसान का बेटा हूं। उनकी परेशानियों से मैं भली-भांति अवगत हूं। इसलिए हमारी सरकार किसान हितों की रक्षा में सदैव तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि राज्य में गेहूं के 2275 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के ऊपर 125 रुपये का बोनस प्रदान कर 2400 रुपये प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीद की गई है। प्रदेश में 10 हजार सौर ऊर्जा संयंत्रों, 41 हजार हैक्टेयर क्षेत्रफल में ड्रिप और मिनी स्प्रिंकलर तथा 44 हजार हैक्टेयर क्षेत्रफल में स्प्रिंकलर संयंत्रों की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य के 47 हजार किसानों को कृषि कनेक्शन जारी किए गए हैं। किसानों को बिजली के बिलों में 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है। किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने तथा प्रदेश को बिजली सरप्लस राज्य बनाने के लिए 2.24 लाख करोड़ के एमओयू किए गए हैं। प्रदेश के 80 हजार से अधिक किसानों को 350 करोड़ रूपये का अल्पकालीन फसली ऋण मिला है तथा 21 कस्टम हायरिंग केन्द्रों की स्थापना की जा रही है। 

केन्द्रीय योजनाओं से प्रदेश के किसान हो रहे लाभान्वित

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसान कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ प्रदेश के किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लगभग 1 हजार 400 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम का वितरण किया गया तथा 9 हजार पीएम किसान समृद्धि केंद्र स्थापित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा सहकारी क्षेत्र में विश्व की सबसे बड़ी विकेन्द्रीकृत अनाज भंडारण योजना चलाई जा रही है।   

किसानों की जल और बिजली आवश्यकता होगी पूरी

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाकर खेती-किसानी को मजबूत बनाने का राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 21 जिलों में पानी की समस्या दूर करने के लिए ईआरसीपी को संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना में शामिल कर भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश के साथ एमओयू हुआ है। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान-2.0 के तहत आगामी 4 वर्षों में 5 लाख जल संग्रहण ढांचे बनाए जाएंगे तथा 20 हजार फार्म पौण्ड स्थापित कर वर्षा का जल संग्रहित किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि चीनी और गुड़ पर मंडी शुल्क को समाप्त कर दिया गया है। केंद्रीय सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ब्याजमुक्त फसली ऋण उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 100 नई पैक्स का गठन किया गया है। पशुपालकों के लिए त्वरित पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु मोबाइल वेटेनरी सेवा प्रारंभ की गई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत पात्र महिलाओं को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि के चैक सौंपे। इस दौरान उन्होंने कृषि उपज मंडी प्रांगण में पीपल लगाकर वृक्षारोपण किया।

इस अवसर पर कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, किसान आयोग के अध्यक्ष सीआरचौधरी, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, प्रमुख शासन सचिव  कृषि एवं उद्यानिकी वैभव गालरिया, शासन सचिव सहकारिता शुचि त्यागी, रजिस्ट्रार सहकारिता अर्चना सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा निर्धारित समय से दो घंटे विलम्ब से कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा तथा सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक के साथ हैलीकाॅप्टर से पहुंचे। जिन्होंने कृषि उपज मंडी टोंक में वृक्षारोपण किया।समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह मेहता की अगुवाई में 151किलो की माला से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत किया गया साथ ही किसानों ने हल भेंट किया ।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि छह महीने के समय में मुख्यमंत्री ने अब तक पैंतालीस प्रतिशत घोषणाएं पूरी की है।सरकार पहले भी थी आज भी है वह चुनाव का इंतजार करता रही थी कि इस वक्त घोषणा करने की।लेकिन यह वह भजनलाल जी की सरकार है जिसने गरीब को अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने का काम किया है ।उन्होंने कहा कि ईआरसीपी योजना से टोंक जिले सहित 19 जिले जुड़े है।पिछली सरकार में युवाओं के साथ कुठाराघात हुआ था लेकिन भाजपा की सरकार बनते ही ऐसे लोगो को जेल में भेजने को कम किया है। 

कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा कि यह वह धरती है जहां सबसे बड़ा बीसलपुर बांध बना हुआ है ।उन्होंने कहा कि अब बड़ा खेल होगा इस बांध में ब्राहमणी नदी का पानी डाला जाएगा जिससे टोंक ही नहीं बल्कि राज्य के 21जिले लाभान्वित होंगे,48हजार करोड़ रुपए खर्च करके यहां से पानी पहुंचाया जाएगा । उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व ईआरसीपी की योजना को जनता भूल गई और आरक्षण में उलझ गए। मीणा ने कांग्रेसी सांसद हरीश चंद्र मीणा को भी कोसते हुए कहा कि पांच साल में दिखेगा ही नहीं। उन्होंने कहा कि बीसलपुर बांध जैसा ही बांध सवाई माधोपुर जिले में भी बनाने जा रहे है मुख्यमंत्री जी । उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी थे जिन्होंने किसान सम्मान निधि योजना से किसानों का सम्मान किया है वहीं राजस्थान भी देश का पहला राज्य है जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 2हजार रूपए अतिरिक्त किसानों को देंगे। 

उन्होंने टोंक जिले की दूखती रग सोहेला गोलीकाण्ड की तरफ इशारा करते हुए कहा कि पहले टोरडी सागर में पानी डालने,बीसलपुर के पानी को लेकर आंदोलन होते थे गिरफ्तारी होती थी पुलिस लाठीचार्ज करती थी लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। पिछली कांग्रेस सरकार की तरह लाठी नहीं मारेगी ,न ही युवा बेरोजगार जेल जाएगा  जाएगा बल्कि युवाओं के साथ धोखा करने वाले अब जेल जाएंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह मेहता ने कहा कि भाजपा ने चुनावी वायदा किया था मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जिस राशि का हस्तांतरण टोंक से किया गया है यह टोंक जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि छह महीने में मुख्यमंत्रीजी ने अपने चुनावी वायदों को पूरा किए जाने की अनूठी पहल की है चाहे डीजल व पेट्रोल की दरों में कमी का निर्णय हो या महिला ,शिक्षक भर्ती परीक्षा पेपर लीक में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही हो,हाल ही में सामाजिक पेंशन में बढ़ोतरी हो या सरकारी नियुक्तियां किए जाने का वायदा पूरा किया है । राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार को कोसते हुए कहा कि पांच साल में प्रदेश विकास की दृष्टि से पिछड़ा है वहीं पेपर लीक की सरकार साबित हुई है।हाल ही लोकसभा चुनाव में संविधान बदले जाने तथा आरक्षण खत्म किया जाने का दुष्प्रचार किया विपक्ष ने। उन्होंने हमला बोलते हुए कांग्रेस को इंदिरा गांधी की तरफ से लगाई गई इमरजेंसी की याद दिलाते हुए कहा कि यह निर्णय था लोकतंत्र की हत्या का इसको भारत के इतिहास में काला अध्याय कहा जाएगा।

किसान आयोग के अध्यक्ष सी आर चैधरी ने कहा कि आज का दिन राजस्थान के इतिहास में किसानों के लिए सबसे बड़ा दिन है । मुख्यमंत्री जी ने चुनाव में किया वायदा पूरा किया है यह देश को पहला राज्य है जहां इस तरह का मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया है ।उन्होंने कहा राज्य के किसानों को आज 650करोड़ रुपए की राशि किसानों के खाते में पहली किश्त डाली गई है।

ऊर्जा मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री हीरा लाल नागर ने कहा है कि किसानों के हित में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ऐतिहासिक किसान सम्मान निधि की सौगात टोंक से दी है।उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य की सरकार किसानों की भलाई में काम करेगी पहले कांग्रेस के राज में यूरिया व खाद की किल्लत होती थी अब ऐसा नहीं होगा समर्थन मूल्य अब राज्य की सरकार ने केंद्र के अलावा 125 रूपए राज्य की सरकार से बढ़ाई गई है। किसानों को अधिक उपज बढ़ाने के लिए नवाचार किए गए है।ऊर्जा विभाग ने कहा कि कांग्रेस की पिछली सरकार ने एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं किया हमने छह महीने में 75फीसदी उत्पादन बढ़ाते हुए लोगो को गर्मी में बिजली उपलब्ध कराई है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू जल मंत्री कन्हैया लाल चैधरी ने कहा कि किसान सम्मान निधि में दो हजार रूपए की राशि दिए जाने की घोषणा भाजपा के संकल्प पत्र में की थी जो आज टोंक से पूरा हुआ है।उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2024तक किसान की आय दुगुनी होगी वह वायदा पूरा हुआ है। पिछले चार महीने से बिजली व पानी की समस्या बनी हुई है लेकिन पिछली कांग्रेस सरकार ने इस दिशा में कोई काम नहीं किया लेकिन उसके बावजूद भाजपा सरकार ने छह महीने में बिजली व पानी की समस्या को दूर किए जाने की कोशिश की है। मंत्री कन्हैया लाल चैधरी ने कहा कि हाल ही लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की कारगुजारियों की सजा 11लोकसभा सीटों भाजपा को हरा करके दी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में केंद्र की राशि का गहलोत सरकार ने उपयोग नहीं किया ,सिर्फ पांच साल तक प्रधानमंत्री मोदी जी को सिर्फ गाली देते रहे ।उन्होंने कहा कि टोंक जिले सहित राजस्थान में आने वाले वर्षो में पानी की कोई कमी नहीं रहेगी।



Previous
Next

Related Posts