


जयपुर स्टेट हाईवे पर गुरुवार रात गोली लगने से प्रोपर्टी कारोबारी जमवारामगढ़ की खसानों की ढाणी लाली निवासी मुकेश गुर्जर की मौत हो गई। प्रोपर्टी कारोबारी गुरुवार रात अपने तीन दोस्तों के साथ चलती कार में शराब पार्टी कर रहा था।
इस दौरान प्रोपर्टी कारोबारी को गोली लग गई। दोस्त ही युवक को सवाई मानसिंह अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने प्रोपर्टी कारोबारी को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद तीनों मौके से भाग निकले। पुलिस ने दो साथियों को राउंडअप कर लिया है, तीसरे साथी की तलाश की जा रही है।
जमवारामगढ़ सीओ प्रदीप कुमार गोयल ने बताया कि गुरुवार रात को प्रॉपर्टी कारोबारी मुकेश अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने निकला था। आंधी स्टेट हाईवे पर चारों दोस्त चलती कार में शराब पार्टी कर रहे थे।शराब पार्टी के दौरान चली गोली मुकेश गुर्जर के सिर में लगी। गोली किसने मारी और कैसे चली इसकी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार हॉस्पिटल प्रशासन रात करीब तीन बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी थी।
जमवारामगढ़ सीओ प्रदीप कुमार गोयल ने बताया कि एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। जांच में सामने आया है कि शराब पार्टी के बाद रात करीब 2 बजे चारों दोस्त बोलेरो गाड़ी से आंधी इलाके में स्थित होटल पर खाना जाने जा रहे थे। रास्ते में जाते समय बोलेरो में बैठे साथी के पास मौजूद पिस्तौल से निकली गोली मुकेश के सिर में लगी थी