


कांग्रेस शासित नगर परिषद टोंक बोर्ड की बैठक गुरुवार को नगर परिषद टोंक के अग्निशमन केन्द्र के सभागार में सभापति अली अहमद की अध्यक्षता में हुई। बैठक की शुरूआत से पूर्व ही प्रतिपक्ष दल भाजपा के सदस्यों ने अचानक बैठक बुलाए जाने सहित लोकसभा स़त्र होने की बात कहते हुए बैठक को गलत बताते हुए बैठक का बहिष्कार करके चले गए। बैठक का कोरम पूरा होते ही सभापति अली अहमद की अध्यक्षता में आयुक्त ममता नागर ने बैठक में छह कार्मिको की अनुकम्पा नियुक्तियों, सात फायर मैन की नवनियुक्तियों,दो साल पूर्ण होने के बाद तीन कर्मचारियों के नियमितिकरण ,परिषद के कार्मिकों की पददोन्नति तथा नगर परिषद टोंक के 32 कार्मिकों को कार्य में लापरवाही के कारण निलम्बित किए गए सभी कार्मिकों को बहाल किए जाने का प्रस्ताव रखा जिनका सर्वसम्मति से अनुुमोदन किया गया।
नगर परिषद साधारण सभा की बैठक में भाजपा पार्षद गणेश माहुर,लक्ष्मी देवी जैन सहित अन्य पार्षदों ने भ्रष्टाचार साथ ही पूर्व में बोर्ड की साधारण सभा की बैठक नहीं बुलाने के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। नगर परिषद साधारण सभा की बैठक में डोर टू डोर कचरा संग्रहण कंपनी के भुगतान होने को लेकर कांग्रेस पार्षद अशरफ गुज ने पूछा कि बिना काम पेमेंट क्यों किया गया जब कि 5 साल में एक बार भी गाड़ी घरों तक नहीं आई। इस मामले में कमिश्नर ममता नागर ने पेमेंट काटे जाने की बात कहते हुए कहा कि अब नए सिरे से टेण्डर किया जाएगा।
कांग्रेस के पार्षद सुनील बंसल ने तेलियान तालाब के सौंदर्यकरण का मामला उठाते हुए कहा कि वह भाजपा वालों को तवज्जो देते है लेकिन कांग्रेस पार्षदों की कोई सुनवाई नहीं होती।उन्होंने बरसात के समय घरों में पानी भराव तथा कांग्रेस की ही पार्षद उमरजहां ने तालकटोरा में पानी भराव का मामला उठाया।सभापति अली अहमद ने कहा कि इस मामले में नगर परिषद गम्भीरता से पानी भराव को रोकने के किए निकासी की व्यवस्था के लिए नाले का निर्माण कराएगी ।वार्ड 24के पार्षद ने अपने वार्ड की लाईट सहित अन्य समस्याओं का मुद्दा उठाया। शब्बीर अहमद ने भी वार्डो की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वार्डो में नालों के निर्माण किए जाने चाहिए ताकि पानी का निकास हो सकें।बैठक में पार्षदों ने नगर परिषद टोंक के सफाईकर्मियों को अन्य विभागों में लगाए जाने का विरोध व्यक्त करते हुए कहा कि यदि किसी सफाइकर्मी को किसी अन्य विभाग में लगाया जाता है तो उसका वेतन उसी विभाग से वसूला जाए । इस मामले में सभापति अली अहमद ने आयुक्त ममता नागर को जिला कलक्टर को प़त्र लिखे जाने के निर्देश दिए। बैठक में पत्रकारों के लिए अलग से काॅलोनी में प्लाट आवंटित किए जाने की भी मांग की गई तो सभापति ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।