


ऐतिहासिक ईदगाह बहीर में ईद-उल-अजा की नमाज परंपरागत तरीके से मौलवी सईद साहब ने अदा कराई। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया तथा दुआएं खैर की गई। मौलवीं साहब ने ईद-उल-अजहा को कुर्बानी का त्योहार बताते हुए कहा कि आपसी सदभाव व भाईचारा से ईद मनाएं। साथ ही मुल्क में अमन चैन की दुआएं की गई । साथ ही उन्होंने सभी सहयोग करने वालों का शुक्रिया भी अदा किया। मौलवी सईद ने दीनी तरीके पर चलने की अपील करते हुए सभी का ख्याल रखते हुए जिंदगी गुजारे जाने का आव्हान किया।
ईदगाह में ईद की नमाज सोमवार को सुबह साढ़े 8 बजे अदा की गई। इससे एक घंटे पूर्व हो ईदगाह में नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था । ईद की नमाज के बाद मौलवीं साहब सहित सभी एक-दूसरे से गले मिले तथा मुबारक बाद पेश की गई। नवाब के वंशजों ने शहर काजी ताहिरुल इस्लाम को खिलअत भी अता की। ईदगाह में ईद की नमाज के बाद प्रशासनिक अधिकारियों एवं कई संगठनों के पदाधिकारियों ने मुबारक बाद देकर एकता,भाईचारे का संदेश दिया। ईद की नमाज के बाद कुर्बानियां की गई। दिन भर जगह - जगह मेले जैसा माहौल भी नजर आया। वही दिनभर लोगो मे ईद की मुबारकबाद देने का दौर चलता रहा ।
ईदगाह में करीब 30 हजार से अधिक लोगों ने ईद की नमाज अदा की। जिसके लिए ईदगाह कमेटी ने इंतेजाम किए थे। ईदगाह बहीर में ईद की नमाज के बाद शाही जामा मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गई। जिलेभर में ईद की नमाज ईदगाह एवं कई जामा मस्जिदों में हुई। जहां हजारों लोगों ने नमाज अदा की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संजीव नैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टोंक सरिता सिंह, उपखण्ड अधिकारी टोंक राहुल सैनी, वृत्ताधिकारी टोंक राजेश विद्यार्थी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरि प्रसाद बैरवा, मणीन्द्र बैरवा, सुभाष मिश्रा एवं तुलसीराम मीणा आदि मौजूद थे।