Saturday, 29 August 2026

विश्व रक्तदान दिवस पर अजमेर में आयोजन: रक्तदान और चिकित्सा सेवा का अनुपम उदाहरण: देवनानी


विश्व रक्तदान दिवस पर अजमेर में आयोजन: रक्तदान और चिकित्सा सेवा का अनुपम उदाहरण: देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि रक्तदान और चिकित्सा सेवा का अनुपम उदाहरण है। यह सेवा कार्यों में श्रेष्ठ है। हमें आमजन में रक्तदान के प्रति समझ और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। रक्तदान ने लाखों लोगों का जीवन बचाया है।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर जिले के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में विश्व रक्तदान दिवस पर रक्तदाताओं, संस्थाओं और भामाशाहों को सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श देवनानी ने कहा कि रक्तदान महादान है। 18 वर्ष उम्र से अधिक के सभी स्वस्थ व्यस्कों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि रक्तदान जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। वर्तमान में रक्त आवश्यकताओं से काफी कम रक्त ब्लड बैंकों में उपलब्ध है। इसे बढ़ा कर शत-प्रतिशत व उससे अधिक करना होगा। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा व्यवस्था को सुधारने के लिए कृत संकल्प होकर काम कर रही है। अस्पतालों की स्थिति सुधारने के लिए निरतंर काम हो रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों को भी अस्पतालों में जांच कर सुधार के लिए निर्देशित किया गया है। अजमेर में भी जेएलएन अस्पताल के सुधार में धन व संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। अस्पताल प्रशासन प्रस्ताव बना कर दे, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। अस्पताल में कई भ्ज्ञवन बन कर तैयार हैं। इन्हें मरीजों के लिए जल्द शुरू किया जाए। जेएलएन को आदर्श रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल पर दबाव कम करने के लिए सहायक अस्पतालों को विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने रक्तदान अभियान में सहयोगी बने व्यक्तियों, संस्थाओं और भामाशाहों को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. वीबी सिंह, अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. जीएस मीणा सहित अन्य चिकित्सक व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Previous
Next

Related Posts