Saturday, 29 August 2026

25 हजार का इनामी पकड़ा : दौसा से किया दस्तयाब, अहमदाबाद भागने की फिराक में था,सात जिलों जयपुर के सात थानों में दर्ज है 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज


25 हजार का इनामी पकड़ा : दौसा से किया दस्तयाब, अहमदाबाद भागने की फिराक में था,सात जिलों जयपुर के सात थानों में दर्ज है 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स पुलिस मुख्यालय की टीम ने गंगापुर सिटी जिले के उदई मोड़ थाने में दर्ज चोरी के मामले में 5 साल से वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश भवानी सिंह मीणा पुत्र हजारीलाल निवासी पिलौड़ी थाना मानपुर को दौसा कलेक्ट्रेट सर्किल से दस्तयाब किया है। आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए उदई मोड़ थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।   

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स एवं अपराध दिनेश एमएन ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश दौसा जिले के मानपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इसके विरुद्ध राज्य के साथ जिलों में डकैती, डकैती की योजना बनाने, अपहरण, आर्म्स, चोरी इत्यादि के 18 आपराधिक दर्ज है।   

इनमें जयपुर के सात थानों सदर, लाल कोठी, आदर्श नगर, मानसरोवर, विश्वकर्मा, वैशाली नगर एवं चंदवाजी, दौसा जिले के बसवा, सदर, मानपुर, बांदीकुई, सवाई माधोपुर के बोली, गंगापुर सिटी के उदई मोड व गंगापुर सिटी, अलवर के टहला व बारां जिले के सदर में यह मुकदमे दर्ज हुए हैं। गंगापुर सिटी के उदई मोड़ थाने में साल 2019 में दर्ज स्क्रैप से भरे बोलेरो पिकअप चोरी के मामले में इस पर 25 हजार का इनाम घोषित है।  

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि उप महानिदेशक पुलिस योगेश यादव के सुपरविजन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एजीटीएफ विद्या प्रकाश के नेतृत्व में एक टीम भरतपुर रेंज की ओर भेजी गई थी। मंगलवार को टीम के सदस्य एएसआई शैलेंद्र कुमार व कांस्टेबल बृजेश कुमार को सूचना मिली कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर भवानी मीणा अभी दौसा में है और आज ही गुजरात के अहमदाबाद भागने की फिराक में है।    

इस सूचना पर इनामी हिस्ट्रीशीटर भवानी मीना की तलाश में दौसा पहुंची एजीटीएफ टीम को तलाश के दौरान आरोपी कलेक्ट्रेट सर्कल के पास मिला। टीम ने रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने भागने का काफी प्रयास किया, चारों और से घेरकर टीम ने इसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पता भवानी सिंह मीणा निवासी पिलौड़ी बताया। बाद में आरोपी को टीम ने उदई मोड़ पुलिस को उनके मामले में सुपुर्द कर दिया है।  

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि इस संपूर्ण कार्रवाई में एएसआई शैलेंद्र कुमार व कांस्टेबल बृजेश कुमार की विशेष भूमिका एवं हेड कांस्टेबल मदनलाल शर्मा व सोहन देव का तकनीकी सहयोग रहा। टीम के सदस्य कांस्टेबल अरुण कुमार व कुलदीप सिंह की भी सराहनीय भूमिका रही है।


Previous
Next

Related Posts