Saturday, 29 August 2026

एकलव्य माॅडल विद्यालय निवाई के उपाचार्य गिरफ्तार, पांच लाख रुपए गबन


एकलव्य माॅडल विद्यालय निवाई के उपाचार्य  गिरफ्तार, पांच लाख रुपए गबन

टोंक जिले की निवाई पुलिस ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय निवाई के बैंक खाते से पाच लाख रुपए का गबन करने के आरोपी स्कूल के उप प्राचार्य को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने बताया कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय निवाई के बैंक खाते से 5 लाख रुपए का गबन करने वाले स्कूल के तत्कालीन उपप्राचार्य रवि मानावत पुत्र रामशरण बुनकर (बलाई) को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्होने बताया कि आरोपी जय अम्बे कॉलोनी, सीकर रोड़, हरमाड़ा, जयपुर निवासी है जो इस मामले में निलम्बित चल रहा है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया जिसके बाद निवाई पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है।

निवाई पुलिस उपाधीक्षक मृत्युन्जय मिश्रा ने बताया कि 9 जून 2023 को एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय निवाई के एलडीसी सत्येन्द्र सिंह पुत्र शरणजीत सिंह राजावत निवासी बड़ागाव थाना दत्तवास ने विद्यालय के प्रधानाचार्य की ओर से इस आशय की रिपोर्ट दी थी कि विद्यालय के उपप्राचार्य रवि मानावत ने 23 फरवरी 2023 को कार्यालय से चैक बुक के अंत में से चैक चुरा करके फर्जी हस्ताक्षर करके 5 लाख रुपए बैंक खाते से खुद के बैंक खाते में जमा करा दिए। आरोपी ने बैंक स्टेटमेन्ट में इस राशि का आहरण छुपा दिया गया और फर्जी स्टेटमेंट प्रस्तुत किया गया। विद्यालय में कार्यरत कनिष्ठ सहायक ने 7 जून 2023 को रोकड़ पंजिका में मई के बैंक विवरण से अंतिम बैलैन्स मिलान किया गया, तो रोकड़ पंजिका व बैंक खाते में 5 लाख रुपए का अंतर पाया गया।  इस गबन का सत्यापन करने के लिए बैंक में पता किया तो 5 लाख रुपए का चैक संख्या 355885 के माध्यम से 23 फरवरी 2023 को रवि मानावत उपप्राचार्य के खाते में जमा होना पाया गया।


Previous
Next

Related Posts