


नया दायित्व देने के लिए सबका आभार : नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाषण की शुरुआत भारत माता की जय के साथ की। उन्होंने कहा कि मैं सबसे पहले तो इस सभागृह में उपस्थित एनडीए घटक दलों के सभी नेतागण, सभी सांसदगण, हमारे राज्यसभा के भी सांसदगण, आप सबका हृदय से बहुत बहुत आभार व्यक्त करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि मेरे लिए खुशी की बात है कि इतने बड़े समूह को आज मुझे स्वागत करने का अवसर मिला है। जो साथी विजय होकर आए हैं, वे
अभिनंदन के अधिकारी हैं, लेकिन जिन लाखों कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम किया। न दिन देखा, न रात देखी, मैं संविधान सदन के इस सेंट्रल हॉल से सिर झुकाकर उन्हें प्रणाम करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि साथियों मेरा बहुत सौभाग्य है कि एनडीए के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुनकर मुझे एक नया दायित्व दिया है। इसके लिए मैं आपका बहुत बहुत आभारी हूं। व्यक्तिगत जीवन में मैं जवाबदारी का अहसास करता हूं।
उन्होंने कहा कि 2019 में जब मैं सदन में बोल रहा था, तब मैंने एक बात पर बल दिया था- विश्वास।आज जब एक बार फिर मुझे ये दायित्व देते हैं तो साबित होता है कि हम दोनों के बीच विश्वास का सेतु इतना मजबूत है कि यह अटूट रिश्ता विश्वास के धरातल पर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के लिए पुराने संसद (संविधान सदन) के सेंट्रल हॉल में पहुंचे । पीएम मोदी का सभी ने अभिवादन किया और बैठक शुरू हो गई।
एनडीए की संसदीय दल की बैठक में सबसे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वागत भाषण दिया। उसके बाद राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा। अमित शाह ने इसका समर्थन किया और नितिन गडकरी ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। जेडीएस अध्यक्ष कुमारस्वामी ने प्रस्ताव का समर्थन किया।
राजनाथ सिंह ने मोदी के नाम का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि मोदी जी का नाम इन सारे पदों के लिए सबसे योग्य है। मंत्रिमंडल में उनके साथ उनकी प्रामाणिकता, कार्यकुशलता को समस्त देशवासियों ने प्रत्यक्ष देखा है। दस वर्षों में एनडीए की सरकार ने जो सेवा की है उसकी भारत में ही नहीं पूरी दुनिया में प्रशंसा हो रही है।
हम सबका सौभाग्य है कि लगातार बार हमारी सरकार बनने जा रही है। अरसे बाद कोई नेता लगातार तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनने जा रहा है। लोकतांत्रिक देशों में तीसरी बार यह अवसर किसी को प्राप्त हो रहा है तो हमारी एनडीए को प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी जी जैसा संवेदनशील और जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री हम लोगों को मिलने जा रहा है। इनका नेतृत्व, कार्यकुशळता, विजन के चलते एनडीए परिवार में वृद्धि हुई है। हम सबकी पहचान गठबंधन धर्म का निर्वाह करने वाले परिवार के तौर पर हुई है। यह सिलिसिला अटल बिहारी वाजपेयी के समय से ही जारी है। यह हमारा कमिटमेंट है। हमें भारत को सक्षम, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे ले जाना है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं कह सकता हूं कि अगले 10 वर्षों में मोदी के नेतृत्व में भारत की दशा, दिशा में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है। अब देश ही नहीं, दुनिया को भरोसा हो गया है कि भारत पूरी दुनिया को नेतृत्व देने का सामर्थ्य रखता है।
उन्होंने कहा कि आज देश दशकों के लिए नहीं सदियों के लिए सशक्त बनाने के लिए अग्रसर हो चुका है। इस काम के लिए मोदी जी से बेहतर कोई नहीं हो सकता है। भाजपा और एनडीए संसदीय दल का नेता और लोकसभा के नेता के तौर पर माननीय नरेंद्र मोदी जी के नाम का प्रस्ताव करता हूं
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हम सब लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने दिल की गहराइयो से हार्दिक बधाई देते हैं। जिनके अथक प्रयास अथक मेहनत हर पल देश की सेवा के लिए समर्पित किया। यही कारण है कि भारत इतिहास रच रहा है। तीसरी बार बहुमत के साथ एनडीए की सरकार आ रही है। मैं इस बात का भी उल्लेख करना चाहता हूं कि हमने उड़ीसा में भी अपनी विचारधारा की सरकार बनाई। वहां भी हमें सफलता मिली। हमें खुशी है कि आंध्र प्रदेश में भी एनडीए की सरकार बनी है। अरुणाचल प्रदेश में लगातार तीसरी बार हमने अपनी सरकार बनाई है। सिक्किम में भी एनडीए की सरकार बनी है। रिफॉर्म परफॉर्म ट्रांसफॉर्म का नतीजा है कि आज हम इस ऐतिहासिक पल के साक्षी हो रहे हैं। हमें याद है कि 10 साल पहले उदासीन भारत था। तब कहा जाता था कि यहां कुछ बदलने वाला नहीं है। आज वही भारत विकसित भारत के संकल्प को लेकर चल पड़ा है। महिलाओं को ताकत मिली, युवाओं का सशक्तीकरण हुआ। किसानों को मुख्य धारा में लाया गया। दलितों को सम्मान मिला। यह संभव हुआ प्रधानमंत्री के सबका साथ सबका विकास सबका प्रयास मंत्र से।
सूत्रों के मुताबिक, संसद के सेंट्रल हॉल में एनडीए की मीटिंग खत्म होने के बाद गठबंधन के नेता शुक्रवार को ही सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। मोदी 9 जून को शाम 6 बजे राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद की तीसरी बार शपथ ले सकते हैं। खबर है कि मोदी के साथ पूरा मंत्रिमंडल शपथ ले सकता है।
एनडीए संसदीय बोर्ड की बैठक में सभी 293 सांसद, राज्यसभा सांसद और सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम मौजूद हैं।