


जयपुर पुलिस ने तीन दिन पहले अपहरण किए हुए 9 महीने के मासूम को दौसा से बरामद कर लिया। बच्चे को अपहरण करने वाले मुंडली शिवदासपुरा राकेश कुमार और उसकी पत्नी पायल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों दौसा में बच्चे को छिपाने के लिए किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। बेटे की चाहत में मासूम को अपहरण कर ले गए थे।
पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि सांगानेर चौराहे के पास पुलिया निर्माण का काम चल रहा है। यहां मजदूरी कर पति-पत्नी का 9 महीने का बेटा बड़े भाई के साथ खेल रहा था। 27 मई को दोपहर करीब 4:30 बजे मासूम गायब हो गया। काफी ढूंढने के बाद भी बच्चे का पता नहीं चला। 9 महीने के मासूम के लापता होने की रिपोर्ट एयरपोर्ट थाना दर्ज कराई थी। इसी आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू किया। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार पति-पत्नी बच्चे को अपहरण कर ले जाते दिखे थे।
पुलिस ने बच्चे के अपहरण को लेकर 10 टीमें बनाकर अलग-अलग टास्क देकर भेजा गया। 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने 500 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले। आखिर पुलिस ने 72 घंटे में अपहरण किया गए मासूम को ढूंढ निकलने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने अपहरण मासूम को छुड़वायाऔर अपहरण करने वाले दंपति को गिरफ्तार कर लिया ।