Saturday, 29 August 2026

मेले-जुलूस में 100 से अधिक महिलाओं की चैन स्नैचिंग करने वाले गिरोह की चार महिला सहित छह को किया गिरफ्तार, करीब 10 लाख रुपए की सोने की चैन, कटर व एक इको कार की जब्त


मेले-जुलूस में 100 से अधिक महिलाओं की चैन स्नैचिंग करने वाले गिरोह की चार महिला सहित छह को किया गिरफ्तार, करीब 10 लाख रुपए की सोने की चैन, कटर व एक इको कार की जब्त

उदयपुर जिले की डीएसटी व थाना प्रतापनगर पुलिस ने साईबर सैल के सहयोग से मन्दिरों, मेलों एवं धार्मिक जुलूसों आदि में महिलाओं की पहनी हुई सोने की चैन एवं अन्य जेवरात आदि की 100 से अधिक चोरी की वारदात करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर चार महिला आरोपियों सहित 6 जनों को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपए की सोने की चैन, चैन काटने में प्रयुक्त कटर व एक इको कार जप्त की है।   

एसपी योगेश गोयल ने बताया कि शुक्रवार को एसएचओ प्रताप नगर भरत योगी, डीएसटी के हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह व अखिलेश कुमार एवं थाना प्रताप नगर के आसूचना अधिकारी नगेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि एक इको कार में सवार चार महिलाएं व दो पुरुष सन्दिग्ध है जो अम्बेरी से देबारी घाटा वाला माताजी मंदिर में महिलाओं के जेवरात चोरी करने के इरादे से आ रहे हैं।

सूचना पर एडिशनल एसपी उमेश ओझा व सीओ छगन राजपुरोहित के सुपरविजन एवं एसएचओ भरत योगी के नेतृत्व में डीएसटी व थाना पुलिस की टीम द्वारा नेशनल हाईवे पर देबारी से पहले संदिग्ध कार को रुकवाया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने विभिन्न मेलों, जुलूस और मंदिरों में महिलाओं के पहने गहने चोरी करना कबूल किया। तलाशी में इनके पास से पुलिस ने सोने की सात चैन एवं चैन काटने में प्रयुक्त कटर बरामद किया।

पुलिस ने कार चोरी के आरोप में कार सवार महिला मीरा कालबेलिया (43) व पति खेमराज पुत्र नाथू (42) निवासी राजेल थाना कल्याणपुर, आशा कालबेलिया पत्नी बोबीन (28) निवासी कोटडा हाल खरपीणा थाना गोवर्धन विलास, सोवनी कालबेलिया पत्नी खेमा (40) निवासी चिकला थाना ऋषभदेव, दाखू कालबेलिया पत्नी धन्ना (45) व बेटे जीतू कालबेलिया पुत्र धन्ना (30) निवासी देवपुरा थाना जावर माइंस को गिरफ्तार कर लिया।

सभी अभियुक्त अपनी कार से मंदिरों, धार्मिक जुलूसों और मेलों में पहुंचते हैं। जहां महिला अभियुक्त भीड़भाड़ में महिलाओं के पास झुंड बनाकर चलती है। धक्कामुक्की का बहाना कर अपने पास रखें कटर से मंगलसूत्र एवं चैन काटकर दूसरी महिला को थमा आगे निकल जाती है ताकि अगर किसी को शक हो और पकड़े जाने पर उनकी तलाशी में कुछ नहीं मिले। पुरुष सदस्य आसपास गाड़ी लेकर तैयार रहते हैं और वारदात कर वहां से सभी फरार होकर बाद में चोरी के माल का बंटवारा कर लेते हैं।

Previous
Next

Related Posts