Saturday, 29 August 2026

महिला को ब्लैकमेल कर किडनैप करने की धमकी देने वाले चार बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस


महिला को ब्लैकमेल कर किडनैप करने की धमकी देने वाले चार बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस

महिला को ब्लैकमेल कर किडनैप करने की धमकी देने वाले चार बदमाशों को जयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

गुरुवार को पुलिस टीम सभी बदमाशों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। पुलिस मौके पर जांच करने के बाद चारों बदमाशों को फटे कपड़ों में सड़क पर पैदल नंगे पैर एक किलोमीटर दूर थाने ले गई। सभी बदमाश लड़खड़ाकर चलते रहे। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बदमाश गहने-कैश देने के लिए महिला को धमका रहे थे। गिरफ्तार चारों बदमाशों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जहां कोर्ट ने 2 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।

बिंदायका थाना अधिकारी भजनलाल ने बताया कि बिंदायका में रहने वाली 25 साल की महिला ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि सालभर पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती विक्रम बलाई से हुई थी। बातचीत होने लगी। आरोपी विक्रम ने बातचीत के दौरान एक वीडियो की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। ब्लैकमेल कर उससे सोने का टीका ऐंठ लिया। उसके बाद रुपयों की डिमांड करने लगा।

परेशान होकर पीड़िता ने पति को आपबीती सुनाई। पति के समझाने पर आरोपी ने उसे भी धमकी दी। पिछले 3-4 दिन पहले आरोपी विक्रम अपने साथियों के साथ पीड़िता के घर पहुंच गया। रुपए नहीं देने पर किडनैप करने की धमकी दी। पीड़िता के परिजनों के शोर मचाने पर चारों बदमाश भाग निकले।
पुलिस ने जांच के बाद तुरंत कार्रवाई कर बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी। उनके घर पर दबिश देकर चारों बदमाशों को अरेस्ट किया गया। बिंदायका थाना अधिकारी भजनलाल ने बताया- मामले में फुलेरा के माल्यावास गांव निवासी विक्रम बलाई , मानसरोवर के मान्यावास मोहरू नगर निवासी विजय गोठनीवाल , नागौर के परबतसर के खानपुर हाल जयपुर के श्याम नगर वर्धमान नगर निवासी संजय वर्मा उर्फ संजू , परबतसर के खानपुर राजपूतों का मोहल्ला निवासी लक्ष्मण राजपूत उर्फ लक्की को गिरफ्तार किया है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Previous
Next

Related Posts