


पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं सफाई व्यवस्था की धरातल पर स्थिति को लेकर जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने बुधवार को नगर पालिका मालपुरा क्षेत्र का निरीक्षण किया। स्थानीय निवासियों ने पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था को लेकर संतोष जताया। लेकिन शहर की सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर ज्योति मार्केट के दुकानदारों एवं लोगों ने जिला कलेक्टर के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की। दुकानदारों ने कहा कि नगर पालिका में अधिकारी एवं कार्मिकों के पद खाली है, कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। डोर टू डोर कचरा वैन आठ माह से नहीं आ रही है। गलियों, नालियों में कचरे की ढेर के कारण बड़े नालों और नालियों का पानी सड़क पर आ रहा है। बदबू के कारण सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।
जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने स्थानीय लोगों की पीड़ा को समझते हुए शीघ्र इसका समाधान करने का भरोसा दिया। पानी व बिजली की स्थिति को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए लोगों ने कहा कि कभी-कभी विद्युत की ट्रिपिंग ज्यादा होती है। जिला कलेक्टर के समक्ष खटीकों के मोहल्ले के निवासियों ने जल भराव की समस्या के बारे में बताया। जिला कलेक्टर ने दूदू रोड़ पर विद्युत समस्या के निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही, शनि देव मंदिर, ट्रक स्टैंड के पास पानी के कम प्रेशर से आने को लेकर जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता को समस्या का निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। शीतला माता मंदिर की जमीन एवं बीडी पब्लिक स्कूल के पास भूमि के अवैध कब्जे की शिकायत पर राजस्व विभाग के अधिकारी को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चिकित्सा व्यवस्थाओं को देखने के साथ ही रोगियों से भी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, लेबर रूम, एएनसी रूम एवं प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने साफ-सफाई व्यवस्था निरंतर बनाए रखते हुए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। रोगियों के परिजनों को ठहरने के लिए बनाई गई धर्मशाला के रखरखाव को लेकर जांच कर उचित कदम उठाए जाने का भरोसा दिया।
जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने की चाँदसेन में जनसुनवाई
जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने मंगलवार को उपखंड मालपुरा की ग्राम पंचायत चांदसेन के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामवासियों की समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही अधिकारियों को परिवेदनाओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने जलापूर्ति, बिजली सप्लाई, नये कनेक्शन, चांदसेन मोड़ से पंचायत भवन तक डामरीकरण, चांदसेन मोड़ पर एक्सप्रेस बसों का ठहराव, मालपुरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल से चांदसेन के निवासियांे को टोल मुक्त करने संबंधी परिवाद दिए। रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी अमित कुमार चौधरी, तहसीलदार राहुल शर्मा समेत अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।