


उदयपुर में व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते जानलेवा हमला कर ट्रैक्टर चालक की हत्या के मामले में थाना फतेहनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर घटना के चार आरोपियों सोनू पुत्र सुरेश निवासी वार्ड नंबर 2 सनवाड, रामलाल उर्फ माधुलाल पुत्र गणेश लाल व चेतन पुत्र ओमप्रकाश निवासी वार्ड नंबर 4 सनवाड एवं कैलाश पुत्र रोशन लाल वार्ड नंबर 10 सनवाड को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि शनिवार को वार्ड नंबर 10 सनवाड निवासी नानू भील पुत्र नाथू द्वारा एक रिपोर्ट दी गई जिसमें बताया गया कि वह और उसका छोटा भाई किशन ट्रैक्टर चलाते हैं। गांव सनवाड निवासी सोनू भी वही ट्रैक्टर चलाता है। उसने उन्हें सनवाड में ट्रैक्टर नहीं चलाने के लिए कई बार धमकी दी थी। शुक्रवार को कार में आए सोनू, रामलाल उर्फ माधुलाल, कैलाश और चेतन उसके भाई किशन और साथी पंकज निवासी जैवाणा को अगवा कर खरताणा व सनवाड के बीच माधुलाल की होटल पर ले गए और उनके साथ लाठी व पट्टों से मारपीट की। इलाज के दौरान उसके भाई किशन की मौत हो गई और पंकज गंभीर अवस्था में भर्ती है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी गोयल द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल के सुपरविजन व डीएसपी एससी/एसटी सेल अब्दुल रहमान, सीओ मावली मनीष कुमार आईपीएस एवं एसएचओ डीपी दाधीच के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। जिनसे अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।