Saturday, 29 August 2026

पुलिस ने सोने की तस्करी में लिप्त युवक के अपहरण के इरादे से आए छह बदमाशों को फॉर्च्यूनर कार सहित पकड़ा


पुलिस ने सोने की तस्करी में लिप्त युवक के अपहरण के इरादे से आए छह बदमाशों को फॉर्च्यूनर कार सहित पकड़ा

चूरू जिले में बीदासर कस्बे में सोने की तस्करी में लिप्त एक युवक के अपहरण के इरादे से घूम रहे छह बदमाशों को थाना पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक फॉर्च्यूनर कार भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी अपराधिक पृष्ठभूमि के हैं, जिनसे पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है।   

एसपी जय यादव ने बताया कि आरोपी विकास जाट पुत्र गोविन्‍दराम (28) निवासी जुवाहरपुरा थाना रतन नगर जिला चूरु, धमेन्‍द्र सिंह (28) निवासी खटिकान प्‍याउ थाना लक्ष्‍मणगढ़ जिला सीकर, विकास गुर्जर (24) निवासी बसावा थाना गोठड़ा जिला झूंझूंनूं, विकास जाट (28) निवासी ढ़ाणी खिरोड़ थाना गोठड़ा़ जिला झूंझूंनूं, मख्‍खन लाल गुर्जर (30) निवासी झाझड़ थाना नवलगढ़ जिला झूंझूंनूं एवं अंकित (30) निवासी धोद थाना धोद जिला सीकर को गिरफ्तार किया गया है।       

एसपी यादव ने बताया कि शनिवार को गश्त के दौरान एसएचओ कैलाश चन्द यादव को सूचना मिली कि दो फॉर्च्यूनर, दो कैंपर व एक ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी में बाहर के दिखने वाले 15-20 युवक बैठे हैं। उनकी गाड़ियां डूंगरपुर तिराहे से बस स्टैंड की तरफ दो-तीन राउंड काट चुकी है। मामले की गंभीरता को भांपते हुए अतिरिक्त जाब्ता मंगवा एसएचओ यादव मय टीम के तुरंत मौके पर पहुंचे।       

मौके पर एक फॉर्च्यूनर जिसके नंबर RSA0056 दिखाई दी। जिसका पीछा करने पर कार चालक ने पुलिस जीप के टक्कर मारी, जिससे फॉर्च्यूनर झटके से बंद हो गई। गाड़ी बंद होते ही उसमें बैठे युवक भागने लगे। पीछा कर कुल 6 जनों को टीम ने पकड़ लिया। अन्य गाड़ियों की तलाश के लिए थाना छापर, सांडवा व सुजानगढ़ इलाके में नाकाबंदी करवा तलाश करवाई गई।    

पकड़े गए सभी छह आरोपियों को थाने लाकर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि सभी युवक आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं। बीदासर का एक युवक जो सोने की तस्करी में लिप्त है, उसके द्वारा तस्करी के सोने में से गबन किए जाने के संदेह के कारण अपहरण करने के उद्देश्य से ये बदमाश यहां आए थे। 

एसपी यादव ने बताया कि वांछित अपराधियों की धर पकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन शिकंजा के तहत संगठित अपराध व गैंगवार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं। इस प्रकार की घटनाओं के होने से पूर्व उन पर अंकुश लगाने निरंतर प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत चुरु पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts