


मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा कि 26 अप्रैल को मतदान शुरू होने से पहले हर मतदान केंद्र पर चुनाव अधिकारी सुबह 5:30 बजे ईवीएम मशीन को चेक करने के लिए मॉक पोलिंग कराएगा। सभी राजनीतिक पार्टी के पोलिंग एजेंट को मतदान से पहले पांच-पांच वोट डलवा कर यह जांच कराई जाएगी कि वोट सही तरीके से गिर रहे हैं या नहीं। इसके लिए निश्चित तौर पर 26 अप्रैल को सुबह 5:30 बजे पोलिंग एजेंट को पहुंचना होगा।
टोंक में 25 अप्रैल को मतदान दल रवाना होने के मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता गुप्ताने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि दूसरे चरण के लिए प्रदेश के 13 लोकसभा क्षेत्रों में 26 अप्रैल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान केंद पर पहुंचकर निर्भय होकर मतदान कर भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
मुख्य निर्वाचनअधिकारी गुप्ता ने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बुजुर्गों को कतार में न लगना पड़े, इसके लिए उन्हे पहले मतदान करने की सुविधा मिलेगी। सभी मतदान केंद्रों में व्हीलचेयर, छाया, पीने का पानी, बैठने आदि की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने कहा कि राजस्थान आन-बान-शान की धरती रहा है और यहां के मतदाताओं ने अपनी पहचान और सरोकारों की एक अभिनव परंपरा निरंतर बनाए रखी है। कुछ लोग सोचते हैं कि मेरे एक वोट से क्या फर्क पड़ता है? लेकिन फर्क पड़ता है, आपके एक वोट से लोकतंत्र का फैसला प्रभावित हो सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने कहा कि मतदान सभी मतदाताओं का अधिकार और कर्तव्य है। मतदान का दिन छुट्टी का दिन नहीं, बल्कि लोकतंत्र का महापर्व है। आप सभी सपरिवार मतदान करने जाएं।