


चूरू-सालासर हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद कार और ट्रक में आग लग गई। आग से कार सवार 7 जिंदा जल गए। इसमें दो बच्चे भी शामिल है। हादसा रविवार को दोपहर करीब 3 बजे हुआ।
पुलिस के मुताबिक मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसा आशीर्वाद पुलिया पर चढ़ते ही 200 मीटर पर हुआ। आगे चलते ट्रक से कार पीछे से टकराई। ट्रक में रूई भरी हुई थी। कार यूपी नंबर की बताई जा रही है।
फतेहपुर कोतवाल सुभाष बिजारणिया ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर फतेहपुर, रामगढ़ और लक्ष्मणगढ़ से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई। करीब आधे घंटे में कार में लगी आग पर काबू पाया गया। कार के अंदर से जले दो बच्चे सहित 7 को बाहर निकाला गया है। पुलिस के मुताबिक कार सवार परिवार यूपी के मेरठ का रहने वाला था। मरने वालों में नीलम गोयल (55) पत्नी मुकेश गोयल,आशुतोष गोयल (35) पुत्र मुकेश गोयल निवासी शारदा रोड मेरठ, मंजू बिंदल (58) पत्नी नरेंद्र बिंदल, हार्दिक बिंदल (37) पुत्र नरेंद्र, स्वाति बिंदल (32) पत्नी हार्दिक, दीक्षा (7) पुत्री हार्दिक और दीक्षा की 4 साल की बहन शामिल है।
हादसे की सूचना पर उपखण्ड अधिकारी दमयंती कंवर, पुलिस उपाधीक्षक रामप्रताप बिश्नोई, फतेहपुर सदर थाना अधिकारी मुनेशी मीणा भी मौके पर पहुंचे।