


भाजपा जयपुर शहर लोकसभा प्रत्याशी मंजू शर्मा ने आज विद्याधर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों औैर इलाकों को दौरा कर जनसंपर्क किया। इस दौरान लोगों ने जयपुर की बेटी के स्वागत में पलक पावडे बिछा दिए वहीं उनका कॉलोनियों में भव्य स्वागत किया गया। मंजू शर्मा के स्वागत कार्यक्रम में महिलाएं भी पुरूषों के कंधे से कंधा मिलाकर भाग लेती नजर आई। वहीं जनसभाओं में लोगों ने हाथ उठाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का संकल्प लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विद्याधर नगर क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा के साथ रोड शो किया। इसमें क्षेत्र की जनता उमड पडी और एक दर्जन से अधिक स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया।
जनसंपर्क के दौरान विभिन्न जनसभाओं व स्वागत कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे विश्व के समक्ष देश का मान बढाया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के विकास ने जो गति पकडी है उसे अब बरकरार रखने के लिए भाजपा और पीएम मोदी को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जयपुर को आईटी हब बनाना ही उनका पहला लक्ष्य है। वहीं जयपुर का विद्याधर नगर, सीकर रोड का क्षेत्र मैट्रो से जुडे इस दिशा में पहले कार्य किया जाएगा। आमजन के दुख दर्द में हमेशा भाजपा उनके साथ खडी नजर आई है। सरकार बनने के महज साढ़े तीन माह के कार्यकाल में ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व उपमुख्यमंत्री दियाकुमारी के नेतृत्व में 90 दिन में संकल्प पत्र के 45 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं तथा संकल्प पत्र में किया प्रत्येक वादा पूरा किया जाएगा। सरकार ने 1 जनवरी से प्रदेश की गरीब महिलाओं को 450 रुपये में गैस सिलेण्डर, किसान का सम्मान करते हुए किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपये, गेहूं की एमएसपी 125 रुपये बढ़ाकर 2400 रुपये प्रति क्विंटल तथा बुजुर्गों को प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए 1150 रुपये पेंशन जैसे निर्णय हमारी सरकार ने लिए हैं, जिससे गरीब, युवा, महिला तथा किसान सहित सभी वर्गों को राहत मिली है। कांग्रेस सरकार में नेताओं ने केवल अपना पेट भरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की है। हमने हमेशा जोड़ने का काम किया औैर लगातार जनता के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत की तस्वीर बदल जाएगी।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री दियाकुमारी ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। भारत दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हम ब्रिटेन को पछाड़ कर 5वें नंबर पर आ गए हैं। भाजपा ने हमेशा आमजन के हितों को ध्यान में रखकर ही काम किए और जनता से रिश्ता निभाया, वह आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत की भ्रष्टाचार मुक्त सरकार तेज गति से देश को विकसित बनाने का काम कर रही है। आपने पुराने समय में देखा है, जब देश में सड़कें नहीं थीं। आज बदलता भारत है। गांव की तस्वीर बदल गई। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि राज्य में कुछ माह पूर्व जब कांग्रेस की सरकार थी तो उनके नेता दुर्भावना के साथ काम करते थे। कांग्रेस नेताओं ने आमजन के काम भी धर्म, जाति औैर वोट देखकर ही किए जिसका परिणाम हुआ कि जनता ने गत विधानसभा चुनावों में सत्ता से बाहर कर दिया।
जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा का स्वागत करने की लोगों में होड मची रही वहीं मंजू शर्मा ने भी सभी लोगों से आत्मीयता से मुलाकात की। इस दौरान उनका विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत के दौरान कहीं पर लोगों ने उनका चुनरी ओढाकर तो कहीं माला व साफा पहनाकर स्वागत किया।