


लोकसभा आम चुनाव-2024 में शत प्रतिशत मतदान के लिए राज्य निर्वाचन विभाग द्वारा द्वारा रविवार को प्रदेश के प्रथम चरण के मतदान वाले 12 लोकसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों पर "आओ बूथ चले अभियान" के तहत मतदाता पर्ची एवं मार्गदर्शिका का वितरण किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से राज्य के 5 करोड़ 32 लाख वोटर्स में से प्रत्येक मतदाता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर मतदाता पर्ची एवं मार्गदर्शिका देकर मतदान दिवस पर मतदान के लिए मनुहार की जा रही है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया कि मतदाताओं का उत्साह इस बात से समझा जा सकता है कि रविवार को अभियान शुरू होने के शूरूआती 2 घंटे में ही 52 लाख मतदाताओं को वोटर स्लिप का वितरण कर दिया गया। फर्स्ट टाइम वोटर में वोटर गाइड-वोटर स्लिप लेकर खासा उस्साह देखा गया। तेज धूप एवं गर्मी के बावजूद वोटर गाइड-वोटर एवं वोटर स्लिप लेने के लिए भारी संख्या में पोलिंग बूथ पर मतदाता आए। बूथ पर आए मतदाताओं में वोटर लिस्ट में नाम पता करने को लेकर भी उत्सुकता देखी गयी। अभियान के साथ ही मतदाताओ के घर-घर जाकर भी मतदाता पर्ची एवं मार्गदर्शिका का वितरण किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया कि 14 एवं 21 अप्रैल को भी प्रदेश के सभी मतबूथ स्तरीय आओ बथ चले अभियान आयोजित किए जाएंगे। इनमें सभी 53 हजार 126 मतदान केन्द्रों पर सभी संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त अन्य दिवसों पर भी घर-घर मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदाता पर्ची एवं मार्गदर्शिका देकर मतदान के लिए मनुहार की जाएगी। प्रथम चरण हेतु मतदाता पर्ची एवं मतदाता मार्गदर्शिका का वितरण 14 अप्रेल तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया कि द्वितीय चरण के मतदान के लिए प्रदेश के सभी 53 हजार 126 मतदान केन्द्रों पर 14 एवं 21 अप्रैल को भी सघन अभियान चलाकर मतदाता पर्ची एवं मार्गदर्शिका वितरित की जाएगी। अभियान के तहत मतदान केंद्रों पर मतदाता मार्गदर्शिका और मतदाता पर्ची के वितरण सहित अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।