


अजमेर लोक सभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी सरस डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुष्कर में आयोजित चुनावी जनसभा फ्लॉप शो साबित हुई। नागौर एवं अजमेर लोक सभा क्षेत्र के सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता ही जन सभा में शामिल हुए और उन्हें भी बड़ी मुश्किल से इकट्ठा करके लाया गया था।
कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी ने अपने प्रधान चुनाव कार्यालय पर रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा में गलत आंकडे प्रस्तुत कर आमजनता को भ्रमित और गुमराह किया है। हर साल 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने, किसानों की आय दुगना करने, सभी गरीबों का जीवन स्तर सुधारने और 15 लाख रुपए बैंक खाते में जमा करने की जुमलेबाजी कर सत्ता पर काबिज हुए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी और उनकी सरकार उद्योगपतियों की हितैषी सरकार है। उद्योगपतियों को 3 लाख करोड़ की सब्सिडी दी गई है जो गलत है। उन्होंने कहा कि जनता अब चुनावी जुमले को समझ चुकी है। यही कारण है कि मतदाता पीएम की सभा में नहीं पहुंचे।
रामचंद्र चौधरी का कहना था कि अजमेर संसदीय क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी को कोई जानता ही नहीं है। वे वोट मांगने के लिए जब ग्रामीण इलाको में जाते हैं तो लोग कहते हैं आप भागीरथ चौधरी हो क्या, पिछले 5 साल के शासनकाल में भागीरथ चौधरी संसदीय क्षेत्र की उपेक्षा की। यही कारण है कि वह अपने किशनगढ़ क्षेत्र से भी चुनाव हार गए। हालत यह है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी चुनावी सभा में सांसद भागीरथ चौधरी की किसी भी उपलब्धि का जिक्र नहीं कर सके क्योंकि भागीरथ चौधरी ने कोई उल्लेखनीय कार्य किया ही नहीं।
रामचंद्र चौधरी कहा कि वे अजमेर के चहुंमुखी विकास की ओर पूरा ध्यान देंगे। चंबल के पानी को बीसलपुर से जोड़कर अजमेर सहित पूरे जिले की पेयजल समस्या का समाधान करेंगे। पशुपालकों को और किसानों के हित में सक्रिय योगदान देंगे और कामधेनु योजना लागू करेंगे ताकि जिले के किसानों के राजस्व बढ़ोतरी हो सके। चौधरी ने कहा कि डेयरी क्षेत्र में अजमेर को डेनमार्क बना के रहूंगा ।
उन्होने कहा कि किशनगढ़ हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाया जाएगा। अजमेर में आईआईटी एवं आईआईएम की स्थापना करने के प्रयास किए जाएंगे। अजमेर के चारों तरफ रिंग रोड एवं इंडस्ट्रियल हब बनाए जाने का प्रयास रहेगा। चौधरी ने वादा किया कि अगर वे जीते तो पुष्कर जाने के लिए घाटी के समस्या का समाधान करेंगे और टनल बनाया जाएगा।
इस अवसर पर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय जैन पूर्व विधायक डॉ श्रीगोपाल बाहेती, उत्तर विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशी महेंद्र सिंह रलावता, उद्योगपति हेमंत भाटी, पाषर्द द्रोपदी कोली, वरिष्ठ नागरिक कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक वरिष्ठ कांग्रेस नेता एडवोकेट राजेश टंडन, पार्षद नौरत गुर्जर. रश्मि हिंगोरानी, ब्लाक अध्यक्ष शैलेन्द्र अग्रवाल सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।