


मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने रविवार को शासन सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ मतदान केन्द्रों पर लाइव वेबकास्टिंग, पोस्टल बड्डी एप एवं राज्य की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवास्था और निगरानी बढ़ाने तथा सीएपीएफ की तैनाती सहित निर्वाचन संबंधी विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने शत प्रतिशत मतदान के लक्ष्य के लिए स्वीप वार रूम के संचालन, शिकायतों के त्वरित निवारण, सोशल मीडिया एवं फेक न्यूज मॉनिटरिंग तथा ईवीएम मशीनों के रैंडमाइजेशन के बारे में आवश्यक निर्दश दिए।
गुप्ता ने बताया लोकससभा आम चुनाव-2024 के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने 50 फीसदी से अधिक मतदान केन्द्रों पर लाइव वेब कास्टिंग करवाने की व्यवस्था की है। प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में वल्नरेबल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों को चिन्हित किया गया है। इन मतदान केन्द्रों सहित 50 फीसदी मतदान केन्द्रों पर लाइव वेबकास्टिंग को सुचारू चलाने के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति, चालू हालत में विद्युत पावर पॉइंट, टेली कनेक्टिविटी आदि की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वेब कास्टिंग को जिला निर्वाचन अधिकारी से लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी लाइव देखेंगे। इसके संचालन के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे।
प्रथम चरण में होम वोटिंग के लिए करीब 37 हजार पात्र मतदाता पंजीकरण करा चुके
गुप्ता ने कहा कि प्रथम चरण के 12 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में होम वोटिंग के पंजीकरण की प्रक्रिया 28 मार्च को पूरी हो चुकी है। प्रथम चरण के लिए करीब 37 हजार पात्र मतदाता पंजीकरण करा चुके हैं, मतदान प्रक्रिया 5 अप्रैल से शुरू होगी। श्री गुप्ता ने बताया कि दूसरे चरण में मतदान वाले 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में होम वोटिंग के लिए पंजीकरण का कार्य जारी है और 2 अप्रैल तक आवेदन किया जा सकता है। अब तक 37 हजार से अधिक पात्र मतदाओं ने पंजीकरण कराया है। निर्वाचक अधिकारी होम वोटिंग का विकल्प चयन करने वाले मतदाताओं की सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों और उम्मीदवारों को 8 अप्रैल तक उपलब्ध कराएंगें। विशेष मतदान दल गठित कर उनके प्रशिक्षण की सभी प्रक्रिया 13 अप्रैल तक पूरी कर ली जाएगी। होम वोटिंग के लिए मतदान प्रक्रिया 14 अप्रैल से शुरू होकर 21 अप्रैल तक चलेगी। किसी कारण से मतदाता के होम वोटिंग के लिए अनुपस्थित या वंचित रह जाने पर दूसरा दौर 22 से 23 अप्रैल के बीच होगा।
मतदाता पर्ची के साथ मतदाता मार्गदर्शिका
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए प्रदेश के प्रत्येक परिवार को मतदाता पर्ची के साथ मतदाता मार्गदर्शिका उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के मतदान वाले लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 61 लाख 29 हजार मार्गदर्शिकाओं का वितरण किया जा रहा है। दूसरे चरण के मतदान वाले लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 63 लाख 71 हजार मार्गदर्शिकाओं का वितरण होगा। उन्होंने बताया कि बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं के घर-घर यह मार्गदर्शिका पहुंचाई जाएगी। इसमें मतदान प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारियां दी गई हैं, ताकि मतदाता जब मतदान केंद्र पर जाए तो उसे कोई परेशानी न हो। इसमें मतदाता सूची में अपना नाम खोजने, मतदान के लिए साथ ले जाने वाले परिचय पत्र, मतदान की प्रक्रिया आदि की जानकारी दी गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने कहा कि लोकसभा चुनाव के वाहन पास जारी करने के लिए नोडल अधिकारी नामित कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। प्रत्याशियों द्वारा नामांकन, चुनाव प्रचार, मतदान एवं मतगणना में वाहनों का उपयोग बिना अधिकृत पास के नहीं किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रत्याशी द्वारा अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र के साथ वाहन का प्रकार, रजिस्ट्रेशन के कागजात, चालक का नाम समेत अन्य सूचनाएं प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। गुप्ता ने ग्रीन इलेक्शन एवं पार्टी बूथ पर वेस्ट छोडकर नहीं जाने के भी निर्देश दिए।