


जयपुर के प्रसिद्ध ज्वैलरी निर्माता और निर्यातक आम्रपाली एक्सपोर्ट्स को फैशन ज्वैलरी के क्षेत्र में 2022 - 23 के लिए निर्यात का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मिला है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आयोजित एक वार्षिक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के चेयरमैन मुकेश अंबानी और जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउन्सिल के चेयरमैन विपुल शाह ने आम्रपाली एक्सपोर्ट्स के क्रिएटिव डायरेक्टर तरंग अरोड़ा और आकांक्षा अरोड़ा को यह पुरस्कार दिया।
उल्लेखनीय है कि जैम व ज्वेलरी प्रमोशन कौंसिल द्वारा प्रतिवर्ष देश के विभिन्न आभूषण निर्माताओं को जवाहरात की विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाता है। आम्रपाली एक्सपोर्ट्स को सर्वाधिक निर्यात के लिए दसवीं बार यह पुरस्कार मिला है, जोकि अपने आप में एक विशिष्ट उपलब्धि तथा रिकॉर्ड है।
यह पुरस्कार हमारे क्राफ़्ट्समैन व डिज़ाइन टीम को समर्पित: तरंग अरोड़ा
तरंग अरोड़ा ने इस पुरस्कार का श्रेय आम्रपाली एक्सपोर्टस की पूरी टीम को देते हुए कहा कि यह पुरस्कार हमारे मास्टर क्राफ़्ट्समैन व डिज़ाइन टीम को समर्पित है, जिनकी वजह से आम्रपाली के डिज़ाइन विश्व प्रसिद्ध हैं। अरोड़ा ने आम्रपाली के फाउंडर राजीव अरोड़ा व राजेश अजमेरा के विज़न को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि वे समूह के सभी कर्मचारियों को हर एक डिजाइन की बारीकी पर ध्यान देने तथा हर एक डिजाइन को नायाब बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। तरंग अरोड़ा ने बताया कि आज आम्रपाली के प्रशंसकों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रिहाना, बेयोंसे, एंजलीना जोली, हेले बेरी से लेकर देश की कई हस्तियाँ शामिल हैं। कई हॉलीवुड व बॉलीवुड फ़िल्मों की ज्वेलरी आम्रपाली ने डिज़ाइन की है।
अपनी अनूठी हस्त कला और ज्वेलरी के लिए जाना जाता है आम्रपाली
गौरतलब है कि आम्रपाली ज्वैलर्स पिछले कई दशकों से सिल्वर ज्वेलरी में अपनी अनूठी हस्त कला और विशेष डिजाइन के लिए जाना जाता है। जयपुर व राजस्थान के साथ ही देश विदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक, पारंपरिक विशेषता आम्रपाली की ज्वेलरी में दिखाई देती है। आज आम्रपाली ज्वेलरी डिजाइन में वैश्विक उत्कृष्टता का केंद्र बन चुका है। देश के बड़े-बड़े संस्थानों से ज्वेलरी डिज़ाइनिंग का कोर्स करने वाले लोगों के लिए यह इस क्षेत्र में पारंगत होने का भी एक माध्यम है।
जयपुर के अशोक मार्ग सी -स्कीम स्थित आम्रपाली का म्यूज़ियम भी पारंपरिक आभूषणों और सिल्वर की कलाकृतियों का आकर्षण का केंद्र है। जहां देशी और विदेशी कला प्रेमी व पर्यटक कलात्मकता को निहारते हैं।