Saturday, 29 August 2026

केमिकल फैक्ट्री में काम कर रहे 6 श्रमिकों की जिंदा जलने से मौत,कलक्टर ने जांच के दिए आदेश


केमिकल फैक्ट्री में काम कर रहे 6 श्रमिकों की जिंदा जलने से मौत,कलक्टर ने जांच के दिए आदेश

जयपुर जिले के बस्सी थाना क्षेत्र के बैनाड़ा में शनिवार शाम केमिकल फैक्ट्री में काम कर रहे 6 श्रमिकों की जिंदा जलने से मौत हो गई और 2 जने गंभीर रूप से झुलस गए। फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हुए तेज धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। 

बस्सी थाना क्षेत्र की शालीमार फैक्ट्री में हुआ। काम करते समय अचानक बॉयलर फट गया, जिसके बाद भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में पांच लोग जिंदा जल गए और मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 1 श्रमिक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य ने भागकर जान बचाने का प्रयास किया है। घायल लोगों को उपचार के लिए जयपुर सवाईमानसिंह अस्पताल (एसएमएस) में भर्ती किया है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे की है। घटना की जानकारी मिलने पर दमकल और रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया । 

बैनाडा में आबादी क्षेत्र में शालीमार केमिकल फैक्ट्री संचालित हो रही थी। इस फैक्ट्री में रोड और बिल्डिंग निर्माण में काम आने वाले केमिकल को बनाया जाता है।

जयपुर कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने कहा हमारी तरफ से पूरी तैयारी की है। घटना 2 घंटे पहले की है, ऐसे में जांच की जा रही है। इस फैक्ट्री में आग लगने की जो घटना हुई है, उसमें फैक्ट्री मालिक से लेकर जिस किसी भी व्यक्ति की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Previous
Next

Related Posts