


राज्य सरकार ने लोकसभा आम चुनाव 2024 के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले से सम्पूर्ण राज्य में सूखा दिवस घोषित किया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में वित्त (आबकारी) विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 19 अप्रेल को होने वाले प्रथम चरण के मतदान के लिए 17 अप्रेल की शाम 6 बजे से 19 अप्रेल 2024 को मतदान समाप्ति तक राज्य में सूखा दिवस रहेगा। प्रथम चरण में 12 लोकसभा क्षेत्र गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझूनूं, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया कि 26 अप्रेल को होने वाले द्वितिय चरण के मतदान एवं बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए 24 अप्रेल की शाम 6 बजे से 26 अप्रेल 2024 को मतदान समाप्ति तक राज्य में सूखा दिवस रहेगा। दूसरे चरण में 13 लोकसभा क्षेत्रों टोंक-सवाईमाधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बासंवाड़ा, चितौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां में 26 अप्रेल को मतदान होगा।
पुनर्मतदान की स्थिति में भी पुनर्मतदान की घोषणा से पुनर्मतदान की समाप्ति तक संबंधित मतदान केंद्रों के क्षेत्रों में पुनर्मतदान की तिथि को शराब एवं ऐसी प्रकृति के अन्य मादक पदार्थ के विक्रय एवं वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इसके साथ ही मतगणना दिवस 4 जून 2024 को भी सम्पूर्ण राज्य में सूखा दिवस घोषित किया गया है।