


अजमेर के मदार स्टेशन के पास रविवार देर रात ट्रेन हादसा हो गया। ट्रेन के हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। अहमदाबाद साबरमती से चलकर अजमेर के रास्ते आगरा कैंट जाने वाली ट्रेन संख्या 12548 के चार कोच और इंजन पटरी से उतर गए। अचानक तेज धमाके की आवाज से रात में सो रहे लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गया। इस हादसे के कारण रेल मार्ग प्रभावित हुआ है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन हादसा रविवार देर रात 1.04 बजे अजमेर के पास मदार में होम सिंग्नल के पास हुआ। गाड़ी संख्या 12548 साबरमती-आगरा कैंट के अचानक बेपटरी होने से इंजन और चार जनरल कोच पटरी से उतर गए हैं। इसमें किसी प्रकार की जन हानि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही दुर्घटना स्थल पर रेलवे अधिकारी पहुंच गए हैं तथा दुर्घटना राहत गाड़ी मदार पहुंच गई है तथा ट्रैक रेस्टोरेशन का कार्य किया जा रहा है। क्षतिग्रस्त ट्रेन के पीछे वाले कोचों को अजमेर लाया गया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रेन के पायलट को सामने से आ रही मालगाड़ी को लेकर संशय हुआ और उसने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। जबकि मालगाड़ी समानांतर ट्रैक पर आ रही थी। ऐसे में ट्रेन बेपटरी हो गई और चार कोच व इंजन पटरी से उतर गए। आगरा कैंट के पीछे ही राजधानी एक्सप्रेस आ रही थी, जिसे हादसे का पता चलते ही रोक दिया गया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
ट्रेन हादसे के बाद रेलवे द्वारा अजमेर स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापितकी है और हेल्पलाइन नंबर 0145-2429642 जारी किए गए हैं। ट्रेन हादसे के कारण रेलवे ने 6 ट्रेनों को रद्द किया है और 2 ट्रेनों का रूट बदला गया है। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 12065, अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला को 18 मार्च ,गाड़ी संख्या 22987, अजमेर-आगरा फोर्ट को 18 मार्च , गाड़ी संख्या 09605, अजमेर-गंगापुर सिटी को 18मार्च ,गाड़ी संख्या 09639, अजमेर-रेवाडी को 18 मार्च को,गाड़ी संख्या 19735, जयपुर-मारवाड को 18मार्च को और गाड़ी संख्या 19736, मारवाड़-जयपुर को 18 मार्च के लिए रद्द किया है। इसके अलावा गाड़ी संख्या 12915, साबरमती-दिल्ली रेल सेवा परिवर्तित मार्ग वाया दोराई-मदारऔर गाड़ी संख्या 17020, हैदराबाद-हिसार रेल सेवा परिवर्तित मार्ग वाया आदर्श नगर-मदार किया गया है।