Saturday, 29 August 2026

किसान भाजपा से नाराज नहीं, भ्रम दूर करने के लिए 20 मार्च से 5 अप्रैल तक किसान मोर्चा सभी 25 लोकसभा क्षेत्र में करेगा लाभार्थी सम्मेलन: सीआर चौधरी


किसान भाजपा से नाराज नहीं,  भ्रम दूर करने के लिए 20 मार्च से 5 अप्रैल तक किसान मोर्चा सभी 25 लोकसभा क्षेत्र में करेगा लाभार्थी सम्मेलन: सीआर चौधरी

राज्य किसान आयोग के नव नियुक्त अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी का कहना है कि प्रदेश में किसान भाजपा से नाराज नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन का असर राजस्थान में कुछ क्षेत्रों को छोड़कर कहीं पर भी नहीं था। यही वजह है कि विधानसभा चुनावों में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनावों में किसानों को साधने के लिए लाभार्थी किसान कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगी। 20 मार्च से 5 अप्रेल के बीच किसान मोर्चा राजस्थान की प्रत्येक लोकसभा सीट पर यह किसान कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगा। इसमें उस लोकसभा सीट के किसानों को बुलाया जाएगा।

रविवार को भाजपा मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए किसान आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि अगर किसान भाजपा से नाराज होता तो भाजपा की सरकार कैसे बनती। उन्होंने कहा कि किसान भाजपा से नाराज है, ऐसा केवल भ्रम फैलाया जा रहा है। इसी भ्रम को दूर करने का हम काम करेंगे। अगर कहीं भी थोड़ी बहुत नाराजगी है तो हम किसानों के बीच जाएंगे और उनको समझाएंगे कि जब-जब भाजपा की सरकार आती है तो किसानों का ध्यान रखती है। केंद्र और राज्य सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील और समर्पित है।

किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने तो पिछले 10 सालों में किसानों के लिए कई काम किए हैं, लेकिन पिछले 3 महीने में ही प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए कई ऐतिहासिक काम किए हैं। ईआरसीपी से 21 जिलों के किसानों को सिंचाई और पेयजल के लिए पानी मिलेगा, जिससे 2.80 लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई होगी। राजस्थान सरकार ने प्रदेश में किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6 हजार रुपए से बढ़ाकर 8 हजार रुपए किया है, जिससे किसानों को आर्थिक सहयोग मिलेगा।


Previous
Next

Related Posts