


हरियाणा में भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को नया नेता चुना गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में नायब सैनी को नेता चुना गया।
भाजपा विधायक दल की बैठक हरियाणा में भाजपा और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) का गठबंधन टूटने और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद हुई थी। नायब सिंह सैनी कुरूक्षेत्र से भाजपा के मौजूदा सांसद हैं। मनोहर लाल के करीबी हैं। कुछ समय पहले ही उन्हें हरियाणा में भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था।
विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ और प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब चंडीगढ़ पहुंचे। पार्टी ने इन्हें पर्यवेक्षक बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने इनका स्वागत किया।
सैनी सरकार बनाने का दावा करने राजभवन पहुंचे। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण शाम 5 बजे होगा।
इस बीच जेजेपी लीडर दुष्यंत चौटाला ने दिल्ली में अपने विधायकों को बुलाया है। 5 विधायक नहीं पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी भाजपा के संपर्क में हैं।
भाजपा की सरकार में मुख्यमंत्री के साथ-साथ दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है। इसके लिए रणजीत सिंह चौटाला और एक निर्दलीय विधायक का नाम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार आदमपुर से भव्य बिश्नोई को भी कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। जेजेपी लोकसभा चुनाव में हरियाणा में 1 से 2 सीटें मांग रही थी जबकि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन सभी 10 सीटों पर खुद लड़ने के पक्ष में है। यही गठबंधन टूटने की वजह बनी।