


अलवर भारतीय डिजिटल सेवा केंद्र की रिटेलर, डिस्ट्रीब्यूटर एवं मास्टर डिस्ट्रीब्यूटर की आईडी देने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने के मामले में पुलिस ने फर्म के डायरेक्टर सहित तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सुभाष चंद्र कस्वां (26) ग्राम पोस्ट झारियाँ थाना दुधवाखारा जिला चूरू एवं डालचंद जाट (21) व नीरज जाट (21) गांव जटवाड़ा थाना बेहतुकला अलवर के रहने वाले हैं।
एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि 6 मार्च को परिवादी विक्रांत कुमार ने थाना साइबर में रिपोर्ट दी कि उसके फेसबुक आईडी पर भारत डिजिटल सेवा केंद्र नाम के पेज पर एक विज्ञापन था। जिसमें रिटेलर या डिस्ट्रीब्यूटर बनने को कह एक टोल फ्री मोबाइल नंबर दिए गए। पोस्ट को लाइक करने पर उसके पास एक नंबर से व्हाट्सएप वॉइस कॉल में मैसेज आया। कॉल करने वाले ने अपने आपको भारतीय डिजिटल सेवा केंद्र का कर्मचारी बताया।
उसके बाद विभिन्न मोबाइल नंबरों से वॉइस और वीडियो कॉल कर रिटेलर आईडी या डिस्ट्रीब्यूटर आईडी उपलब्ध करवाने के नाम पर उससे 1 लाख 86 हजार 140 और उसके दोस्त अनिल सिंह से 1.50 लाख रुपए ले लिए। इन व्यक्तियों ने सूरत नाम के व्यक्ति से 16500 और बॉबी से 30 हजार लिए है। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को एसपी शर्मा द्वारा घटना के खुलासे के लिये साइबर थाना एसएचओ रामेश्वर लाल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा तकनीकी सहायता से आरोपी सुभाष चंद्र, डालचंद व नीरज को दस्तयाब कर उनके कब्जे से 20 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड दो बैग और सात लैपटॉप जप्त किए हैं। आरोपियों से ठगी के संबंध में गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में इनके द्वारा 100 से 150 लोगों के साथ ठगी की वारदाते किया जाना सामने आया है।