


सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में आरोपी सुरेश ढाका और भूपेंद्र सारण सहित 6 लोगों की प्रॉपर्टी ईडी ने सीज कर दी है। ईडी ने गुरुवार को सुरेश ढाका के वैशाली नगर स्थित फ्लैट, बगरू स्थित फैक्ट्री, हीरापुरा पावर हाउस स्थित मकान को सीज किया । साथ ही संपत्ति पर ईडी का बोर्ड लगा दिया है। दिल्ली कोर्ट से परमिशन के बाद ईडी ने ये कार्रवाई की है।
ईडी से मिली जानकारी के अनुसार सुरेश ढाका की लंबे समय से तलाश है। ईडी सुरेश को पकड़ने के लिए कई बार प्रयास कर चुकी है। लेकिन उस तक नहीं पहुंच सकी। इस दौरान जांच में साबित हो गया था कि सुरेश ढाका ने जो संपत्ति बनाई। वह पेपर लीक कर के बनाई थी। इस पर ईडी ने कार्रवाई की।
ईडी ने इसके साथ भूपेंद्र सारण की प्रॉपर्टी भी सीज की है। इसमें बगरू में स्थित इलची सारण और इंदुबाला सारण के नाम से संपत्ति सीज की गई है। सुरेश ढाका और भूपेंद्र सारण की संपत्तियों को सीज करने के साथ-साथ उनके सहयोगियों की संपत्ति को भी सीज करने की कार्रवाई की गई है।