


न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के मुद्दे पर आंदोलन कर रहे किसानों की नाराजगी को लेकर अब लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हर पंचायत स्तर पर किसान जागृत अभियान शुरू करेगी।इसके तहत किसानों से संवाद करके उनसे समर्थन मांगा जाएगा।
मंगलवार को कांग्रेस विधायक अशोक चांदना ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश भर के किसान एमएसपी के मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार उनकी नहीं सुन रही है, इसलिए हर पंचायत स्तर पर किसान जागृत अभियान चलाएं जाएंगे। जल्द ही इसकी घोषणा होगी।
कांग्रेस विधायक चांदना ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अगर केंद्र में हमारी सरकार बनी तो एमएसपी पर कानून बनाया जाएगा। पार्टी के आला नेता भी पूर्व में इसकी घोषणा कर चुके हैं। चांदना ने कहा कि एमएसपी किसानों के लिए गारंटी होगी। बंपर पैदावार होने के बावजूद मंडी जब भाव गिरा देती तो एमएसपी से ही किसानों का फायदा होगा
कांग्रेस विधायक चांदना ने प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को जुमला करार देते हुए गारंटी शब्द यूपीएम सरकार की योजनाओं से चुराने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के पहले कार्यकाल में शिक्षा का अधिकार, खाद्य सुरक्षा गारंटी, महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, सूचना का अधिकार सहित कई गारंटी दी थी। प्रधानमंत्री ने गारंटी शब्द वहीं से चुराया है। गहलोत सरकार ने भी कई योजनाओं की गारंटी दी थी।
कांग्रेस विधायक चांदना ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि पूरा देश उनका परिवार है तो फिर किसानों को उनका हक क्यों नहीं दे रहे हैं। आंदोलन करने वाले किसानों पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की जा रही है। क्या आंदोलन करने वाले किसानों को प्रधानमंत्री अपना परिवार नहीं मानते हैं।