


बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कैफे के 3 कर्मचारी और 2 ग्राहक सहित 5 लोग घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस, बम स्क्वॉड, फॉरेंसिक और NIA की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस ने बताया कि जब हम मौके पर पहुंचे तो कैफे की दीवार पर लगा शीशा टूटकर टेबल पर बिखरा पड़ा था। व्हाइटफील्ड फायर स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें कैफे में सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिली थी।
कैफे में धमाके वाली जगह से बैटरी, जला हुआ बैग और कुछ आईडी कार्ड मिले हैं। इसके आधार पर विस्फोट को लेकर साजिश की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। राज्य के गृहमंत्री ने कहा कि धमाका एक सिटिंग एरिया में हुआ और वहां कोई सिलेंडर नहीं था। मामले की जांच कर रहे हैं।
घटना को लेकर भाजपा के दो सांसदों ने संदेह जताया है। सबसे पहले बेंगलुरु सेंट्रल से भाजपा सांसद पीसी मोहन ने इसे रहस्यमयी घटना बताया। इसके बाद बेंगलुरु साउथ से भाजपा सांसद और बीजेवाईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि यह बम विस्फोट का मामला हो सकता है।