


टोंक जिले के गरीब श्रमिकों के लिए राज्य सरकार के श्रम विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं श्रमिकों के लिए सहारा बन रही है। दिन-रात मेहनत करने वाले गरीब श्रमिकों को इन कल्याणकारी योजनाओं से राहत मिल रही हैं। श्रमिक भी श्रम विभाग की इन योजनाओं में अपना पंजीकरण करवाकर लाभ प्राप्त कर अत्यंत हर्ष का अनुभव कर रहे हैं।
लाभार्थी उमर दराज, राजू लाल एवं लल्लू राम ने विभाग की योजना से लाभ उठाकर अपने बच्चों को शिक्षित किया
निर्माण श्रमिक शिक्षा व कौशल विकास योजना से लाभान्वित टोंक शहर के तालकटोरा के रहने वाले उमर दराज ने निर्माण श्रमिक शिक्षा व कौशल विकास योजना का लाभ लिया है। लाभार्थी उमर दराज ने बताया कि 15 हजार रुपये की सहायता राशि से उन्हें अपने बच्चों को शिक्षित करने में मदद मिली है। लाभार्थी उमदराज ने सहायता राशि देने के लिए श्रम विभाग का आभार जताया है।
इसी तरह वार्ड नंबर 19 के निवासी राजू लाल यादव ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा उन्हें अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए निर्माण श्रमिक शिक्षा व कौशल विकास योजना के तहत 13 हजार रुपये की राशि से आर्थिक संबल मिला है।
उन्होंने कहा कि सरकार की ऐसी योजनाएं गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण है ताकि वह अपनी पढ़ाई को जारी रख सके। टोंक शहर की कीर कॉलोनी के लल्लू राम ने बताया कि बच्चों को विद्यालय में प्रवेश की चिंता उन्हें लगातार सता रही थी। फिर उन्हें श्रम विभाग द्वारा संचालित की जा रही निर्माण श्रमिक शिक्षा व कौशल विकास योजना के बारे में जानकारी मिली। इसके पश्चात लल्लू राम ने श्रम विभाग में योजना के लिए आवेदन किया। आवेदन करने के बाद उन्हें इस योजना के तहत इनके बच्चों की पढ़ाई के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली। सहायता मिलने पर लाभार्थी लल्लू राम कीर ने अपने बच्चों का विद्यालय में प्रवेश दिलाया। अपने बच्चों को पढ़ता देखकर लल्लू राम ने गरीब, मजदूर एवं श्रमिकों के लिए सरकार एवं श्रम विभाग द्वारा आयोजित की जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया है।