Saturday, 29 August 2026

फायरिंग, लूट के प्रयास की घटना के 5 आरोपी गिरफ्तार, एक देशी पिस्टल, स्विफ्ट डिजायर कार और दो बाइक जब्त


फायरिंग, लूट के प्रयास की घटना के 5 आरोपी गिरफ्तार, एक देशी पिस्टल, स्विफ्ट डिजायर कार और दो बाइक जब्त

दौसा जिले के थाना महवा पुलिस की टीम ने फसल बेच कर लौट रहे किसान पर समलेटी गांव में फायरिंग कर लूट के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई कर घटना में शामिल पांच आरोपियों को समलेटी-हुडला के जंगल में पीछा कर गिरफ्तार किया है।इनके पास से पुलिस ने एक पिस्टल तथा घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक व एक अपाचे बाइक बरामद की है।    

एसपी रंजीता शर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी बदमाश हंसराम उर्फ छुट्टन मीना पुत्र गुलाब (21) निवासी नयागांव थाना महवा, सतीश मीना पुत्र शिंभू मीना (22) निवासी सांथा थाना महवा, हरिकिशन उर्फ बच्चा पुत्र सीताराम प्रजापत (22) निवासी रिंदली थाना मंडावर, कबीर उर्फ शैलेंद्र कुमार मीना पुत्र ओमप्रकाश (19) निवासी लक्ष्मी विहार कॉलोनी महवा रामोतार मीणा पुत्र हर सहाय (28) निवासी खेड़ली कला थाना मंडावर को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी शर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में गगवाना थाना बालाहेड़ी निवासी गौरव महर द्वारा रिपोर्ट दी गई कि शनिवार दिन में सरसों की फसल महवा मंडी में बेचकर वह अपने जानकार अभिषेक व सचिन कुमार के साथ स्कूटी से लौट रहा था। समलेटी बस स्टैंड पर अपने मिलने वाले मोनू मीणा व वीर मीणा के पास रुका। कुछ देर में कार से सन्नी मीना, सुनील व तीन अन्य व्यक्ति एवं स्प्लेंडर बाइक से कबीर मीणा व एक अन्य नीचे उतरे।    

चारों ओर से घेर कर बदमाशों ने उससे पैसे छीनने का प्रयास किया। जब उसने विरोध किया तो सन्नी ने पिस्टल से फायर कर दिया। झुक जाने की वजह से राउंड सिर के ऊपर से निकल गया। शोर सुनकर गांव के काफी लोग आ गए तो कार छोड़ कर चार व्यक्ति बिना नंबर की बाइक से, दो व्यक्ति अपाचे बाइक पर तथा एक व्यक्ति पैदल भाग गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ प्रेम बहादुर निर्भय के सुपरविजन एवं एसएचओ महवा जितेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में गठित की गई टीम द्वारा समलेटी हुडला के जंगलों में पीछा कर इन पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। जिनसे घटना में शामिल अन्य बदमाशों तथा वारदातों के संबंध में गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts