


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे वैभव यादव की शुक्रवार को पुष्कर (अजमेर) के रिसॉर्ट में शादी हुई। शादी में सीएम यादव ने भी डांस किया।
इससे पहले शुक्रवार को सुबह करीब सवा 11 बजे सीएम अपने परिवार के साथ ब्रह्मा मंदिर के दर्शन करने पहुंचे। यादव ने दर्शनों के बाद कहा कि मैं महाकाल की नगरी से आता हूं। प्रदेश के अंदर रहने के कारण से निजता में थोड़ा खलल आता है। इस कारण ब्रह्मा की नगरी में आकर बेटे की शादी के लिए आया हूं।
शादी में वर-वधु पक्ष के रिश्तेदारों के अलावा चुनिंदा मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया है। शुक्रवार को दोपहर में उनके बेटे की निकासी हुई और रिसॉर्ट में स्विमिंग पूल किनारे वरमाला हुई। इसके बाद फेरे हुए। वेडिंग के लिए रिसॉर्ट को राजस्थानी थीम पर सजाया गया था। शाम को रिसेप्शन में कई मेहमानों ने शिरकत की।
सीएम के बेटे वैभव की शादी हरदा के रोलगांव की रहने वाली शालिनी पुत्री सतीश यादव के साथ हो रही है। शालिनी एक किसान परिवार से आती हैं। शादी की रस्मों के लिए पुष्कर के पुष्करा रिसॉर्ट को राजस्थानी थीम पर सजाया गया है। शादी के लिए एमपी सीएम का परिवार शुक्रवार सुबह पुष्कर पहुंच गया था।
वधू पक्ष के लोग भी शुक्रवार को ही रिसॉर्ट पहुंचे थे। इसके कुछ देर बाद रिसॉर्ट में बारात निकाली गईऔर तोरण रस्म, बारात स्वागत के बाद शादी की रस्में संपन्न की गई।