Saturday, 29 August 2026

डिटर्जेंट पाउडर के केमिकल की आड़ में शराब तस्करी : 75 लाख की पंजाब निर्मित अवैध शराब पकड़ी,1 गिरफ्तार, शराब के 557 कार्टन ,एक कंटेनरऔर पिकअप जप्त


डिटर्जेंट पाउडर के केमिकल की आड़ में शराब तस्करी : 75 लाख की पंजाब निर्मित अवैध शराब पकड़ी,1 गिरफ्तार, शराब के 557 कार्टन ,एक कंटेनरऔर पिकअप जप्त

बाड़मेर में डीएसटी और थाना गुड़ामालानी पुलिस की टीम ने पंजाब से तस्करी कर लाई गई 75 लाख रुपए कीमत की अवैध शराब पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक कंटेनर, पिकअप तथा शराब के 557 कार्टून जप्त कर एक आरोपी ओमप्रकाश बिश्नोई निवासी आनंद नगर जूना खेड़ा आमलियाला को गिरफ्तार किया है।

एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही 100 दिवसीय कार्य योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए डीएसटी को संगठित अपराधियों व गिरोह के चिन्हीकरण, तस्करी की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए है। निगरानी के दौरान डीएसटी को सूचना मिली कि फलोदी की तरफ से आए एक ट्रक कंटेनर में पंजाब से तस्करी कर शराब आई है। थाना गुड़ामालानी इलाके के गांव बारासण नदी के पास कंटेनर से पिकअप में लोड कर गुजरात में सप्लाई की जाएगी।    

सूचना पर थाना पुलिस को सूचना देकर दोनों टीमों द्वारा दबीश दी गई। मौके पर एक कंटेनर खड़ा मिला। जिसके पास दो पिकअप गाड़ियां भी खड़ी थी। कंटेनर से शराब खाली कर पिकअप गाड़ियों में चढ़ाई जा रही थी। पुलिस की गाड़ी देखकर शराब लोड कर रहे पिकअप लेकर फरार हो गये जबकि ओम प्रकाश विश्नोई को टीम ने दबोच लिया। मौके पर खड़े एक ट्रक कंटेनर व बिना नंबरी पिकअप को जप्त किया गया।    

ट्रक कंटेनर की तलाशी में डिटर्जेंट पाउडर के केमिकल के बैग के पीछे पंजाब निर्मित अवैध शराब के 96-96 कार्टन रॉयल स्टैग व रॉयल चैलेंज व्हिस्की व 365 कार्टन मैकडॉवेल नंबर 1 व्हिस्की कुल 557 कार्टन छुपा कर रखे गये थे। अवैध शराब एवं दोनों वाहन जब्त कर आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया । आरोपी से शराब की खरीद फरोख्त के बारे में अग्रिम अनुसंधान व विस्तृत पूछताछ की जा रही है।


Previous
Next

Related Posts