Saturday, 29 August 2026

यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास की अगुवाई में जयपुर में प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, दी गिरफ्तारी


यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास की अगुवाई में जयपुर में प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, दी गिरफ्तारी

राजीव गांधी युवा मित्रों को फिर से रोजगार देने और किसान सम्मान की मांगों को लेकर बुधवार को यूथ कांग्रेस ने जयपुर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ी तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास भी शामिल हुए।

कार्यकर्ता शहीद स्मारक से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस से उनकी झड़प हो गई। पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इससे पहले सुबह यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहले शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए। यहां पर सभा का आयोजन किया गया।

इसमें यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा कि इन लोगों ने झूठे वादे कर सरकार बनाई। सरकार बनने के बाद एक भी वादा पूरा नहीं किया। इन्होंने 2014 में कहा कि सबके खाते में 15-15 लाख रुपए आ जाएंगे, लेकिन नहीं आए। 

यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि राज्य सरकार ढाई महीने में ही अपना विश्वास खो चुकी है। जो वायदे सरकार ने युवाओं और किसानों से किए थे, उस पर वो खरा नहीं उतर रही है। प्रदेश में बेरोजगार युवाओं के लिए किसी तरह की नौकरी की व्यवस्था नहीं की गई है।

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता शहीद स्मारक पर सभा के बाद सीएम आवास का घेराव करने के लिए निकले थे। यहां पर पुलिस ने पहले ही बैरिकेडिंग कर रखी थी, जिसको तोड़ते हुए प्रदर्शनकारी आगे बढ़े। कमिश्नरेट के आगे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को फिर रोका, जहां उनकी पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई।

यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन में विधायक मनीष यादव, पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर, कार्यकारी अध्यक्ष यशवीर सुरा, धीरेंद्र मूंड सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts